नई दिल्ली: ईरान ने बुधवार को कुवैत और बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर कई मिसाइलें और ड्रोन हमले किए। जिसमें कुवैत के हवाई अड्डे को भी भारी नुकसान हुआ है। हवाई अड्डे पर एक ईरानी ड्रोन हमले के बाद वाणिज्यिक उड़ानों को निलंबित कर दिया है। हमले में कई लोगों के घायल होने की भी खबर है। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल सऊद अब्दुलअजीज अल-ओतैबी का कहना है कि कई ड्रोनों ने कुवैत अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की यात्री इमारत को निशाना बनाया है।
यह हमला ईरान और अमेरिका के बीच मंगलवार देर रात हुए मिसाइल हमलों के बाद हुआ। इससे पहले अमेरिकी सेना का कहना था कि उसने ईरान द्वारा कुवैत और बहरीन पर दागी गई मिसाइलों के जवाब में केश्म द्वीप पर एक ईरानी सैन्य सुविधा पर हमले किए थे। अमेरिका ने ईरानी मिसाइलों और ड्रोन हमलों की एक श्रृंखला को नाकाम करने का भी दावा किया था।

इन हमलों के बाद ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने अमेरिका को चेतावनी जारी की थी। उनका कहना था कि तेहरान के जवाबी हमले अमेरिका के लिए सबक साबित होने चाहिए। उन्होंने अपने बयान में कहा था कि कल देर रात, अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक ईरानी तेल टैंकर पर मिसाइल से हमला किया था। जिसमें टैंकर के इंजन कक्ष को नुकसान पहुंचा है। ईरान ने इसके बाद अमेरिकी सेना को भारी कीमत चुकाने की बात कही थी। आईआरजीसी का कहना था कि किसी भी अमेरिकी हमले का जवाब अधिक गंभीर तरीके से दिया जाएगा। बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अस्थायी शांति समझौते के बाद भी दोनों देश एक-दूसरे पर लगातार हमले कर रहे हैं।

















