सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को NEET UG 2026 की री-एग्जामिनेशन को पेन-पेपर के बजाय कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में कराने की मांग वाली याचिका पर तुरंत सुनवाई करने से मना कर दिया है। शीर्ष अदालत ने याचिका को कोर्ट की छुट्टियों के बाद लिस्ट करने को कहा गया।
क्या था मामला?
NEET UG 2026 की परीक्षा 3 मई को हुई थी। इसमें देशभर में 22 लाख से ज्यादा छात्र शामिल हुए थे। परीक्षा 5,432 केंद्रों पर 552 भारतीय शहरों और 14 विदेशी शहरों में आयोजित की गई थी। पेपर लीक के आरोपों के बाद NTA ने पूरी परीक्षा रद्द कर दी। अब री-एग्जामिनेशन 21 जून को प्रस्तावित है। इसी बीच एक याचिकाकर्ता ने सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दी कि रीटेस्ट पेन-पेपर मोड में न होकर कंप्यूटर आधारित मोड में हो, ताकि लीक जैसी घटना दोबारा न हो। यह याचिका जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस अरविंद कुमार की बेंच के सामने मेंशन की गई।
कोर्ट ने क्या कहा?
जस्टिस नरसिम्हा ने कहा, “वे (NTA) एग्जाम दोबारा करा रहे हैं। उन पर कितना प्रेशर है। हम इसे वेकेशन के बाद पोस्ट करेंगे।” बेंच ने तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया।
NTA ने कोर्ट को क्या बताया?
पिछले हफ्ते NTA ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल किया था। उसमें कहा गया कि पेपर लीक विवाद के बाद परीक्षा रद्द करने का फैसला छात्रों के हित और परीक्षा व्यवस्था पर जनता का भरोसा बनाए रखने के लिए लिया गया है। इसके साथ ही NTA ने बताया था कि हाई-पावर्ड स्टियरिंग कमिटी ने री-एग्जामिनेशन की तैयारियों की समीक्षा की और हर स्टेज पर सख्त सुरक्षा उपाय सुझाए।
अब एजेंसी की ओर से जो नई व्यवस्थाएं की गई हैं, इनमें परीक्षा केंद्रों पर अनिवार्य CCTV चेकिंग, फुटेज कम से कम 90 दिन तक सुरक्षित रखना, मॉक ड्रिल, मौसम संबंधी आकस्मिक योजना के साथ ही सेंटरों पर पावर बैकअप और इमरजेंसी मेडिकल सुविधाओं की जांच को शामिल किया गया है। इतना ही नहीं परीक्षा के बाद CCTV फुटेज का फोरेंसिक एनालिसिस भी किया जाएगा ताकि कोई संदिग्ध गतिविधि पकड़ी जा सके।
NTA में बदलाव
NTA ने संगठनात्मक बदलाव भी किए हैं। 16 नए सीनियर पद बनाए गए हैं, जिनमें डायरेक्टर और जॉइंट डायरेक्टर स्तर के पद शामिल हैं। टेक्नोलॉजी ऑपरेशंस और टेस्ट सिक्योरिटी की निगरानी के लिए दो एडिशनल डायरेक्टर जनरल नियुक्त किए गए हैं। NEET UG देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा है। NTA इसके जरिए MBBS और अन्य अंडरग्रेजुएट मेडिकल कोर्सेस में दाखिले के लिए परीक्षा आयोजित करता है।











