उधम सिंह नगर: जिला पुलिस प्रशासन ने तराई क्षेत्र में ईसाई मिशनरियों के मतांतरण के खिलाफ अपना सख्त रवैया अपना लिया है, इस प्रकरण में दर्ज शिकायतों के आधार पर पुलिस अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। राज्य गठन के बाद पहली बार बने धामी सरकार के सख्त धर्मांतरण कानून के चलते ये गिरफ्तारियां हुई है।
पिछले दिनों आईटीबीपी में कार्यरत एक महिला कांस्टेबल द्वारा अपने पति संदीप सिंह राणा के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करवाते हुए ये आरोप लगाया गया था कि वो उस पर और बच्चों पर ईसाई धर्म अपनाए जाने के लिए दबाव डाल रहा है और मारपीट कर रहा है। तहरीर में ये आरोप भी लगाए गए कि पैसों की लालच उसके पति ने मतांतरण कर लिया है। पुलिस ने जांच पड़ताल के उपरान्त संदीप सिंह राणा को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर दिया है।
इसे भी पढ़ें: दिल्ली के मुखर्जी नगर में 5 बांग्लादेशी घुसपैठिए पकड़े गए
मतांतरण के बारे में एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि अभी तक इस विषय में पांच लोगों को जेल भेजा जा चुका है। एक व्यक्ति कमलजीत सिंह की तलाश की जा रही है। एडीएम पंकज उपाध्याय ने बताया कि मतांतरण मामले में पीड़ित लोग शिकायत दर्ज करवा रहे हैं जिसकी जांच पड़ताल हो रही है और आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिन जनजाति समाज के लोगों ने धर्म परिवर्तन कर लिया है उनकी जांच पड़ताल कर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के क्रम में उनके जाति प्रमाण पत्र निरस्त किए जाने की प्रकिया भी गतिमान है।













