आज के समय में सोशल मीडिया हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे ऐप्स का उपयोग लगभग हर उम्र के लोग करते हैं। अब इन ऐप्स को इस्तेमाल करने के तरीके में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मेटा कंपनी अपने यूजर्स के लिए नए पेड सब्सक्रिप्शन प्लान लाने की तैयारी कर रही है, जिन्हें “प्लस” वर्जन कहा जाएगा।
प्रीमियम प्लान और संभावित कीमतें
इन नए प्लान्स में यूजर्स को पहले से ज्यादा एडवांस और कस्टमाइजेशन वाले फीचर्स मिलेंगे, लेकिन इसके लिए हर महीने पैसे देने होंगे। यानी अब सोशल मीडिया पूरी तरह फ्री नहीं रहेगा, बल्कि इसका एक प्रीमियम वर्जन भी होगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, इंस्टाग्राम प्लस और फेसबुक प्लस की कीमत लगभग 3.99 डॉलर (करीब 387 रुपये) प्रति माह हो सकती है। वहीं व्हाट्सएप प्लस की कीमत लगभग 2.99 डॉलर (करीब 290 रुपये) प्रति माह बताई जा रही है। हालांकि भारत में इसकी कीमत क्या होगी, यह अभी साफ नहीं है।
मेटा का यह कदम इसलिए खास माना जा रहा है क्योंकि अब तक कंपनी की कमाई मुख्य रूप से विज्ञापनों (Ads) से होती थी। लेकिन अब कंपनी चाहती है कि वह यूजर्स से सीधे पैसे लेकर भी कमाई करे। इससे आने वाले समय में सोशल मीडिया का अनुभव दो हिस्सों में बंट सकता है- फ्री यूजर्स और पेड यूजर्स। इंस्टाग्राम प्लस में कई नए फीचर्स मिलने की संभावना है, जैसे स्टोरी व्यू देखने की सुविधा, ज्यादा स्टोरी ऑडियंस लिस्ट और स्टोरी को लंबे समय तक रखने का विकल्प। इसके अलावा कुछ नए मजेदार फीचर्स भी हो सकते हैं, जैसे खास रिएक्शन, कस्टम ऐप आइकन और अलग फॉन्ट। फेसबुक प्लस में भी इसी तरह के प्रीमियम फीचर्स मिल सकते हैं, जबकि व्हाट्सएप प्लस चैटिंग को और पर्सनल बनाने पर ध्यान देगा। इसमें कस्टम थीम, अलग रिंगटोन, नए स्टिकर्स और चैट को ज्यादा अच्छे तरीके से मैनेज करने के टूल्स शामिल हो सकते हैं। मेटा की एक अधिकारी ने संकेत दिया है कि आने वाले समय में और भी नए फीचर्स जोड़े जा सकते हैं। इसका मतलब है कि कंपनी अपने प्लेटफॉर्म को लगातार बेहतर बना रही है। यह भी बताया गया है कि यह “प्लस” प्लान पहले से मौजूद “Meta Verified” सर्विस से अलग होगा, जो पहचान की पुष्टि और सुरक्षा से जुड़ी सुविधाएं देता है। वहीं प्लस प्लान का फोकस सिर्फ नए फीचर्स और बेहतर अनुभव पर होगा।











