कोलकाता। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जादवपुर विश्वविद्यालय में ‘वीर सावरकर जयंती’ मनाने की पहल की है। 28 मई को विनायक दामोदर सावरकर की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति मांगते हुए एबीवीपी की जादवपुर इकाई ने विश्वविद्यालय के कुलपति को पत्र भेजा है।
कुलपति चिरंजीव भट्टाचार्य को भेजे गए पत्र में एबीवीपी ने बताया कि कार्यक्रम में पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ एक चर्चा सभा का आयोजन किया जाएगा। इसमें सावरकर के जीवन, विचारधारा और राष्ट्र व समाज के प्रति उनके योगदान पर चर्चा होगी। पत्र पर एबीवीपी जादवपुर शाखा के अध्यक्ष निखिल दास और सचिव संजीवन दीप बर्मन के हस्ताक्षर हैं।
निखिल दास ने कहा कि सावरकर राष्ट्रवाद और हिंदुत्व के प्रमुख प्रतीकों में से एक हैं। उनके अनुसार, जादवपुर विश्वविद्यालय की स्थापना भी राष्ट्रीय चेतना की भावना से हुई थी, इसलिए परिसर में सावरकर के जीवन और विचारों को सामने लाना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल श्यामा प्रसाद मुखर्जी की भूमि है और यहां सावरकर को सम्मान देना जरूरी है।
निखिल दास का कहना है कि वामपंथी और कांग्रेस समर्थक समूहों ने लंबे समय तक सावरकर की छवि खराब करने की कोशिश की है और लोगों को उनके राष्ट्रवादी योगदान के बारे में जानना चाहिए।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, जादवपुर विश्वविद्यालय में एबीवीपी की यह पहल बंगाल की राजनीति में वैचारिक बदलाव के संकेत के तौर पर देखी जा रही है।
एबीवीपी ने कहा है कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जाएगा। हालांकि, 28 मई को ईद के कारण विश्वविद्यालय बंद रहने की संभावना को देखते हुए कार्यक्रम की तारीख में बदलाव भी किया जा सकता है।

















