नई दिल्ली/राजौरी: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के डोलीमाल जंगलों में शनिवार सुबह से ही सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन चल रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यहां दो से तीन आतंकियों के देखे जाने की सूचना के बाद यह सर्च ऑपरेशन चल रहा है। आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच हल्की गोलीबारी की खबरें भी सामने आई है। घना जंगल होने से सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के एसओजी जवान धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम को खुफिया जानकारी मिली थी कि डोरीमाल के जंगलों में 2 से 3 आतंकी छिपे हुए हैं। सभी आतंकी पाकिस्तान से घुसपैठ कर भारतीय सीमा में घुसे थे। सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों ने शनिवार सुबह करीब 6 बजे इलाके की घेराबंदी कर जंगल के अंदर बढ़ना शुरू किया। इसके बाद छिपे हुए आतंकियों ने कुछ देर गोलीबारी भी की। हालांकि अभी फायरिंग शांत होने की बात कही जा रही है। आतंकियों को चारों ओर से घेरने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाबलों को बुलाया गया है। सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि हमें पक्की सूचना है कि ये आतंकी भारी हथियारों से लैस हैं। इन्हें जिंदा या मुर्दा पकड़ने तक ऑपरेशन जारी रहेगा। अभी ऑपरेशन जारी है और सुरक्षाबल आतंकियों को खोज रहे हैं।

















