नई दिल्ली/भोपाल: मध्य प्रदेश के जबलपुर में एनसीसी कैडेट्स के प्रशिक्षण शिविर में 31 से अधिक बच्चे हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के शिकार हो गए। आनन-फानन में सभी बच्चों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया और वहां उनका इलाज चल रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बच्चों को चक्कर, उल्टी-दस्त और कमजोरी की शिकायत हुई थी। यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 18 किमी दूर डुमना रोड स्थित ट्रिपल आईटीडीएम परिसर की है।
यहां 14 मई से ट्रिपल आईटीडीएम परिसर में जबलपुर समेत आसपास के जिलों से आए कैडेट्स का प्रशिक्षण हो रहा है। इस प्रशिक्षण में 450 से ज्यादा एनसीसी कैडेट्स शामिल हुए थे। धूप में ट्रेनिंग से एनसीसी कैडेट्स की तबीयत बिगड़ने की बात कही जा रही है। यह ट्रेनिंग कैंप 24 मई में तक आयोजित होनी थी।
पंजाब में पकड़ा गया ISI हैंडलर, हाईवे पर CCTV लगाकर पाक को दे रहा था सेना की खुफिया जानकारी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 8 बजे बच्चों की तबीयत बिगड़ी। जिसके बाद उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया। तीन से चार छात्रों की हालत अभी गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद एनसीसी कैडेट्स के परिजनों को सूचना दे दी गई है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने शुरुआती जांच में भीषण गर्मी और लू को बच्चों के बीमार होने की मुख्य वजह बताया है। बता दें कि देशभर में भीषण गर्मी हो रही है। मध्य प्रदेश में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। जबलपुर में बीते चार दिनों से तापमान 44 से 45 डिग्री के बीच बना हुआ।

















