नई दिल्ली/पंजाब: पंजाब पुलिस ने पठानकोट से पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया पाक जासूस पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे (NH) 44 पर सीसीटीवी ( CCTV) कैमरा लगाकर सीमा पार बैठे अपने हैंडलरों को सेना की गतिविधियों की फुटेज भेज रहा था। आरोपी का नाम बलजीत सिंह ‘बिट्टू’ है। वह पठानकोट के ढालीवाल गांव का रहने वाला है।
बलजीत सिंह ‘बिट्टू’ नाम का यह व्यक्ति भारतीय सेना और अर्धसैनिक बलों की गतिविधियों की संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान तक पहुंचा रहा था। उसका काम भारतीय सेना के काफिले पर नजर रखना था और उसकी जानकारी पाकिस्तान को इन्हीं कैमरों के जरिए पहुंचाना था। पठानकोट के एसएसपी (SSP) दलजिंदर सिंह ढिल्लों का कहना है कि आरोपी ढालीवाल गांव का रहने वाला है। उसने सुजानपुर के पास नेशनल हाईवे‑44 पर CCTV कैमरे लगाए थे। इन कैमरों के जरिए सैन्य काफिलों पर नजर रखी जाती थी। फिर ये सारी फुटेज पाकिस्तान को भेजी जाती थी।

पुलिस का कहना है कि आरोपी बलजीत सिंह उर्फ बिट्टू ने सुजानपुर के पास पुल नंबर 4 और 5 के बीच दुकानों पर CCTV कैमरे लगाए थे। इन कैमरों के जरिए भारतीय सेना और अर्धसैनिक बलों के काफिलों की आवाजाही रिकॉर्ड की जाती थी। यह लाइव फुटेज रियल‑टाइम में सीमा पार बैठे हैंडलर्स को भेजी जाती थी। पुलिस ने इस मामले में बलजीत सिंह के अलावा तीन अन्य आरोपियों को भी नामजद किया गया है। इनके नाम विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्का (नवा पिंड, सुजानपुर), बलविंदर सिंह उर्फ विक्की और
तरणप्रीत सिंह उर्फ टन्नू हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी बलजीत ने इस साल जनवरी में सुजानपुर इलाके में हाईवे पर एक पुल के पास बनी दुकान में इंटरनेट से जुड़ा एक CCTV कैमरा लगाया था। आरोप है कि इस कैमरे से मिलने वाली लाइव फी पाकिस्तान में बैठे लोगों को भेजी जा रही थी। NDTV की एक रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी को दुबई में मौजूद एक अनजान हैंडलर से निर्देश भी मिल रहे थे और इस काम के लिए उसे 40,000 रुपये दिए गए थे।











