नई दिल्ली: एअर इंडिया के दिल्ली से बेंगलुरु जा रहे विमान में गुरुवार को टेल-स्ट्राइक की घटना सामने आई है। टेल-स्ट्राइक की यह घटना फ्लाइट AI2651 में लैंडिंग के वक्त हुई। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। विमान सुरक्षित तरीके से उतर गया और सभी यात्री व क्रू बाहर निकल गए। घटना के बाद विमान को विस्तृत तकनीकी जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया है।
एयरलाइन ने पुष्टि की कि विमान में सवार सभी 179 लोग सुरक्षित हैं। एयरलाइन का कहना है कि इस घटना की जांच, संबंधित रेगुलेटरी अथॉरिटीज के साथ तालमेल बिठाकर, तय प्रक्रियाओं के अनुसार की जाएगी। इस घटना का असर वापसी उड़ान पर भी पड़ा है। बेंगलुरु से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI2652 को रद्द कर दिया गया है। एअर इंडिया ने प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था शुरू कर दी है। जबकि ग्राउंड टीम बेंगलुरु एयरपोर्ट पर जरूरी सहायता उपलब्ध करा रही है।

बताया जा रहा है कि पायलट ने लैंडिंग से ठीक पहले ‘गो-अराउंड’ प्रक्रिया अपनाई थी। यह स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर का हिस्सा है। बता दें कि ‘टेल स्ट्राइक’ तब होता है जब किसी विमान के एयरफ्रे का पिछला हिस्सा, टेकऑफ या लैंडिंग के दौरान रनवे से टकरा जाता है। ऐसी घटना के बाद विमान की विस्तृत जांच की जाती है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसे कोई ढांचागत नुकसान तो नहीं पहुंचा है।














