नई दिल्ली/कश्मीर: जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में एक नाबालिग हिंदू लड़के के कन्वर्जन का मामला सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस नाबालिग लड़के का कन्वर्जन कराया कराया गया है वह यूपी के बिजनौर का रहने वाला है। उसके परिवार का आरोप है कि उसे झूठे बहाने से कश्मीर ले जाया गया और फिर उस पर इस्लाम अपनाने के लिए दबाव डाला गया। आइए जानते हैं क्या है यह पूरा मामला और कैसे हुआ खुलासा?
परिवार का आरोप-जबरन कराया गया कन्वर्जन
परिवार का आरोप है कि विशाल नाम के युवक का कश्मीर में जबरन कन्वर्जन कराया गया है। उसे इस्लाम अपनाने के लिए मजबूर किया गया है। विशाल बिजनौर के सिटी कोतवाली इलाके के बखरपुर गांव का रहने वाला है। उसके कन्वर्जन का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। जिसमें एक मस्जिद के अंदर, एक इमाम और गवाहों की मौजूदगी में उसको इस्लाम अपनाते हुए दिखाया गया है। परिवार का आरोप है कि युवक को जबरन मुस्लिम बनाया गया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो तब हुआ खुलासा
इस घटना की जानकारी तब मिली जब इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वायरल वीडियो में नाबालिग को एक मस्जिद के अंदर इस्लाम अपनाते हुए दिखाया गया है। इस्लाम अपनाने के बाद रिकॉर्ड किए गए एक दूसरे वीडियो में नाबालिग को माला पहनाकर उसका स्वागत करते हुए भी दिखाया गया। जिसके बाद नाबालिग लड़के के परिवार ने जबरन कन्वर्जन का आरोप लगाया है।
परिवार का आरोप- धमकाकर इस्लाम में कन्वर्ट कराया गया
परिवार का आरोप है कि वसीम नाम का एक युवक चार साल पहले विशाल को नाई का काम सिखाने के बहाने कश्मीर ले गया था। उनका दावा है कि विशाल को धमकाया गया और जबरदस्ती इस्लाम में कन्वर्ट कराया गया है। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले विशाल ने एक अनजान नंबर से परिवार को फोन किया और कन्वर्जन की जानकारी दी। इसके बाद नाबालिग लड़के के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ मिलकर इस मामले की जांच शुरू कर दी है। कुपवाड़ा पुलिस ने इस मामले में कानून की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।











