सीतावनी वाइल्ड लाइफ सेंचुरी के पास पाटकोट में स्थपित पौराणिक सीता वाल्मीकि आश्रम में भव्य जानकी कथा का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इस ऐतिहासिक कथा में शामिल होंगे। सांसद अजय भट्ट की देखरेख में आयोजित इस कथा का मकसद माता सीता के प्रेरणा देने वाले जीवन के आदर्शों को गांव-गांव तक पहुंचाना है।
बाल-व्यास वैदेहीनंदन वेदांतजी करेंगे श्रीजानकी कथा का वाचन
काउंसिल के अध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी सांदीपेंद्र जी महाराज के स्नेही शिष्य 12 वर्षीय बाल-व्यास वैदेहीनंदन वेदांतजी श्रीजानकी कथा का वाचन करेंगे। सांसद भट्ट ने बताया कि काउंसिल का संकल्प है कि भारत के हर राज्य, ज़िले से लेकर गांव-गांव तक श्रीजानकी कथा आयोजित की जाए। इसके लिए ‘सीता-सखी समिति’ का गठन कर देशभर की महिलाओं को जोड़ा जाएगा। काउंसिल कई अन्य प्रकल्पों पर भी कार्य कर रही है।
आपको बता दें कि ऐसा माना जाता है कि अपने वनवास के दौरान माता सीता ने सीतावनी इलाके में समय बिताया था। यहीं लव-कुश का जन्म हुआ था। इसी महत्व को देखते हुए पहली श्रीजानकी कथा का आयोजन सीतावनी से किया जा रहा है। 16 मई से शुरू हो रही कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। प्रशासन ने भी सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम शुरू कर दिए हैं।

















