ब्रिटेन की लेबर पार्टी के नेता और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर को सत्ता जाने का खतरा मंडरा रहा है। उन पर लगातार अपना पद छोड़ने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। इसको लेकर सोमवार को कैबिनेट के कुछ बड़े मंत्री उनसे मिले और कहा कि वे पार्टी के अगले नेता को सत्ता सौंपने का साफ समयबद्ध तरीका बताएं। साथ ही, 70 से ज्यादा लेबर सांसदों ने सार्वजनिक रूप से उनसे इस्तीफा देने या ट्रांजिशन का ऐलान करने की मांग की।
कैबिनेट में क्या हुआ?
द गॉर्जियन की रिपोर्ट के अनुसार, दो वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री विदेश सचिव यवेट कोपर और गृह सचिव शबाना महमूद ने स्टार्मर से सीधे कहा कि अब उन्हें एक व्यवस्थित तरीके से सत्ता छोड़नी चाहिए। कुछ और मंत्रियों, जैसे जॉन हीली और डेविड लैमी ने भी उनके साथ चर्चा की कि पार्टी और देश के हित में शांतिपूर्ण और सम्मानजनक तरीका अपनाया जाए।
दूसरी तरफ, कुछ मंत्री जैसे रिचर्ड हर्मर और स्टीव रीड अभी भी स्टार्मर के साथ खड़े हैं और उन्हें लड़ने की सलाह दे रहे हैं। एक कैबिनेट मंत्री ने कहा कि स्टार्मर कैबिनेट की राय सुन रहे हैं, लेकिन फैसला उन्हें ही करना है। चीफ व्हिप जोनाथन रेनॉल्ड्स पूरे दिन डाउनिंग स्ट्रीट में रहे और सांसदों की मूड की जानकारी देते रहे।
इसे भी पढ़ें: ईरान में छोटी बच्चियों की शादी को लेकर बना वीडियो वायरल: लोगों ने कहा “शर्म करे सरकार”
क्या है सांसदों की मांग
70 से ज्यादा सांसदों का कहना है कि स्टार्मर अब होने वाले चुनाव में देश का नेतृत्व करने लायक नहीं दिख रहे। इनमें कई नए चुने सांसद शामिल हैं। वेस स्ट्रीटिंग के करीबी सांसदों ने स्टार्मर से “जल्द” समयबद्ध तरीका बताने को कहा। एंडी बर्नहैम के समर्थकों ने भी पत्र लिखे। कुछ सांसदों का मानना है कि अगर स्टार्मर के पास पर्याप्त समर्थन नहीं रहा तो पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी (NEC) भी आगे बढ़ सकती है। चार जूनियर फ्रंटबेंचर्स (PPS) ने इस्तीफा दे दिया और स्टार्मर से जाने को कहा — जो हेल्थ, एनवायरनमेंट, कैबिनेट ऑफिस और जस्टिस डिपार्टमेंट से थे। डाउनिंग स्ट्रीट ने तुरंत उनकी जगह नए PPS नियुक्त कर दिए।
स्टार्मर पद न छोड़ने पर अड़े
स्टार्मर ने सोमवार को भाषण देते हुए कहा कि वे इस्तीफा नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि देश लेबर पार्टी को अराजकता फैलाने के लिए कभी माफ नहीं करेगा। उन्होंने अपनी गलतियों की जिम्मेदारी ली, लेकिन कहा कि वे संदेह करने वालों को गलत साबित करेंगे और किसी भी लीडरशिप चैलेंज से लड़ेंगे। पिछले हफ्ते एनर्जी सेक्रेटरी एड मिलिबैंड ने भी स्टार्मर से समयबद्ध तरीका बताने पर विचार करने को कहा था।












