आज के समय में आधार कार्ड हर जरूरी काम का अहम हिस्सा बन चुका है। बैंक में खाता खुलवाना हो, नया सिम लेना हो या किसी सरकारी योजना का फायदा उठाना हो, हर जगह आधार कार्ड मांगा जाता है। ऐसे में अगर आपके आधार कार्ड में जन्मतिथि यानी DOB गलत दर्ज हो जाए, तो आपको कई परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। नौकरी के फॉर्म, स्कूल-कॉलेज एडमिशन और सरकारी दस्तावेज बनवाने में दिक्कत आने लगती है। कई लोग आधार में जन्मतिथि ठीक कराने की कोशिश करते हैं, लेकिन उनकी रिक्वेस्ट बार-बार रिजेक्ट हो जाती है। इसकी सबसे बड़ी वजह गलत जानकारी या गलत डॉक्यूमेंट अपलोड करना होता है। अगर आपने ऑनलाइन फॉर्म में जो जन्मतिथि भरी है, वह आपके दस्तावेज से मैच नहीं करती, तो UIDAI आपकी रिक्वेस्ट तुरंत रिजेक्ट कर सकता है।
गलत जानकारी और धुंधले डॉक्यूमेंट बनते हैं रिजेक्शन की वजह
मान लीजिए आपकी 10वीं की मार्कशीट में जन्मतिथि 15 अगस्त 2001 है, लेकिन आपने आवेदन में 18 अगस्त 2001 भर दिया, तो आपका आवेदन स्वीकार नहीं होगा। इसके अलावा अगर आपने धुंधली फोटो, कटे हुए दस्तावेज या साफ न दिखने वाली कॉपी अपलोड की है, तब भी आवेदन रिजेक्ट हो सकता है। बहुत से लोग मोबाइल से जल्दी-जल्दी फोटो खींचकर डॉक्यूमेंट अपलोड कर देते हैं। लेकिन खराब लाइट या धुंधली फोटो के कारण सिस्टम जानकारी पढ़ नहीं पाता। इसलिए हमेशा साफ और पूरी स्कैन कॉपी ही अपलोड करनी चाहिए। गलत कैटेगरी चुनना भी एक आम गलती है, जिससे वेरिफिकेशन फेल हो जाता है।
यह भी पढ़ें- अब बिना किसी डॉक्यूमेंट के भी बदल जाएगा आधार एड्रेस, जानिए UIDAI का नया तरीका
ऐसे करें DOB अपडेट, तुरंत मिलेगी मदद
अगर आपकी रिक्वेस्ट रिजेक्ट हो रही है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप UIDAI के हेल्पलाइन नंबर 1947 पर कॉल करके मदद ले सकते हैं। इसके अलावा [email protected] पर ईमेल भी भेज सकते हैं। मेल में अपना नाम, आधार नंबर और पूरी समस्या साफ-साफ लिखें। साथ में सही दस्तावेज भी अटैच करें। जन्मतिथि अपडेट करने के लिए सबसे पहले UIDAI की वेबसाइट पर जाएं। वहां ‘My Aadhaar’ में जाकर ‘Update Your Aadhaar’ पर क्लिक करें। फिर आधार नंबर डालकर OTP से लॉगिन करें। इसके बाद ‘Update Aadhaar Online’ में जाकर ‘Date of Birth’ चुनें। अब वही जन्मतिथि भरें जो आपके सरकारी दस्तावेज में दर्ज है। फिर 10वीं की मार्कशीट, पासपोर्ट या बर्थ सर्टिफिकेट जैसे जरूरी दस्तावेज अपलोड करें। इसके बाद ₹50 की फीस ऑनलाइन जमा करें। अगर सभी जानकारी सही होगी, तो कुछ दिनों में आपकी जन्मतिथि अपडेट हो जाएगी। ध्यान रखें कि आवेदन करने से पहले सभी जानकारी और दस्तावेज अच्छी तरह जांच लें। छोटी सी सावधानी आपकी रिक्वेस्ट रिजेक्ट होने से बचा सकती है।















