गत अप्रैल को लखनऊ में नारद जयंती पर मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसे संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख श्री नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि हिंदू समाज से हर प्रकार का भेदभाव समाप्त होना चाहिए। भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनाना संघ का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि संघ की 100 वर्ष की यात्रा सामान्य यात्रा नहीं है।

हमारे कार्यकर्ताओं ने अनेक उतार-चढ़ाव देखे हैं। आद्य सरसंघचालक डॉ. हेडगेवार जी का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि संघ व्यक्तिनिष्ठ नहीं, तत्वनिष्ठ है। इसीलिए हमने किसी व्यक्ति को नहीं, बल्कि परम पवित्र भगवा ध्वज को गुरु माना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में देशभर में 85,000 से अधिक दैनिक शाखाएं और 32,000 से अधिक साप्ताहिक मिलन चल रहे हैं। वनवासी क्षेत्रों से लेकर नगरों तक अनगिनत सामाजिक कार्य स्वयंसेवक चला रहे हैं।
भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पंच परिवर्तन को लेकर स्वयंसेवक समाज में जा रहे हैं। संघ के स्वयंसेवक हिंदू समाज के बीच से हर प्रकार का भेदभाव समाप्त करने के लिए कार्य कर रहे हैं। शताब्दी वर्ष में हिंदू सम्मेलनों में समाज के सभी वर्ग एक साथ आए और सहयोग किया। संघ का मानना है कि परिवार व्यवस्था ठीक रहेगी तो समाज भी ठीक रहेगा।

















