पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद भी भाजपा पर आपराधिक तत्व हमले कर रहे हैं। इसी क्रम में मध्यमग्राम इलाके में बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की रात में गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना बुधवार रात करीब 10:30 से 11:00 बजे के बीच हुई। चंद्रनाथ कई सालों से सुवेंदु अधिकारी के साथ काम कर रहे थे और उनके राजनीतिक काम-काज को संभालते थे। उन्हें सुवेंदु के करीबी लोगों में गिना जाता था।
क्या है पूरा मामला
चंद्रनाथ कार में सवार होकर जा रहे थे। उनकी कार अस्पताल के पास से गुजर रही थी, तभी अचानक बीच रास्ते में रुक गई। एक बाइक सवार व्यक्ति ने कार की बाईं तरफ से करीब से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावर काफी ट्रेंड लग रहा था और गोलियां बहुत नजदीक से मारी गईं। चार गोलियां चलाई गईं, जिनमें से तीन चंद्रनाथ को लगीं। कार के ड्राइवर को भी गोली लगी। हमलावर तुरंत वहां से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चंद्रनाथ की मौत हो गई। कार की बाईं ओर की सामने वाली खिड़की पर गोलियों के निशान और दरारें साफ दिख रही थीं।
इसे भी पढ़ें: बंगाल : सुवेन्दु अधिकारी के PA की हत्या, टीएमसी कार्यकर्ता पर आरोप
चश्मदीद का बयान
एक चश्मदीद ने बताया कि चंद्र की कार मेरी कार के पास से गुजर रही थी। अचानक वह रुक गई और बाइक वाला व्यक्ति आकर गोलीबारी करने लगा। दो राउंड गोलियों की आवाज आई। पूरा माहौल ऐसा था जैसे सब पहले से प्लान किया हुआ हो। घटना अस्पताल से सिर्फ 200-300 मीटर दूर हुई।
सुवेंदु अधिकारी का बयान
सुवेंदु अधिकारी अस्पताल के बाहर मीडिया से बात करते हुए काफी गुस्से में नजर आए। उन्होंने कहा कि यह हत्या पहले से सोची-समझी साजिश थी। 2-3 दिनों तक रेकी की गई थी और पूरी योजना बनाई गई थी। डीजीपी ने भी यही बात कही है। उन्होंने आगे कहा, “हम शोक में डूबे हुए हैं। इस घटना की निंदा करने के लिए शब्द नहीं हैं।” दिल्ली में पार्टी नेतृत्व को पूरी जानकारी दी गई है। केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने मृतक परिवार और पुलिस से बात की। कई नेता और विधायक इलाके में पहुंच गए हैं।
पुलिस की जांच
पश्चिम बंगाल के डीजीपी सिद्ध नाथ गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हमलावरों की इस्तेमाल की गई चार-पहिया गाड़ी जब्त कर ली गई है, लेकिन उसकी नंबर प्लेट नकली बताई जा रही है और छेड़छाड़ हुई थी। घटनास्थल से खाली कारतूस और इस्तेमाल हुए कारतूस बरामद हुए हैं। चश्मदीदों के बयान और सबूतों के आधार पर आगे छानबीन चल रही है।
ये महा जंगलराज का नतीजा
सुवेंदु अधिकारी ने इसे 15 साल के ‘महा जंगल राज’ का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं और जांच हो रही है। साथ ही कहा कि भाजपा अब गुंडों की सफाई का काम शुरू करेगी। यह घटना बंगाल की राजनीति में तनाव बढ़ाने वाली है। चंद्रनाथ रथ सुवेंदु अधिकारी के विश्वसनीय सहयोगी थे और उनकी मौत से बीजेपी कार्यकर्ताओं में गुस्सा है। पुलिस अभी पूरे मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।














