नई दिल्ली/कोलकाता: पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। रुझानों के नतीजों में तब्दील होने के दौरान कई मतगणना केंद्रों पर हंगामे की खबरें भी आई हैं। सूबे की हॉट सीट में शुमार भवानीपुर विधानसभा सीट के एक मतगणना केंद्र पर हंगामा हुआ है। जहां ममता बनर्जी भी मौके पर पहुंची हैं। साथ ही BJP प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी भी वहां पहुंच गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में इस मतदान केंद्र पर BJP और TMC कार्यकर्ता भारी संख्या में दिखाई पड़ रहे हैं।
भवानीपुर के मतदान केंद्र पर क्या हुआ?
दक्षिण कोलकाता के शाखावत मेमोरियल गवर्नमेंट गर्ल्स स्कूल में जहां भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए मतगणना जारी है, वहां ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी आमने-सामने हैं। ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी दोनों ही अपने मोबाइल फोन के साथ मतदान केंद्र परिसर में प्रवेश कर गए। यह देखकर रिटर्निंग अधिकारियों और मतगणना पर्यवेक्षकों ने तुरंत कोलकाता स्थित मुख्य चुनाव आयोग के कार्यालय से संपर्क किया। इसके बाद में नई दिल्ली स्थित चुनाव आयोग के मुख्यालय से संपर्क किया।
इसके बाद चुनाव आयोग ने रिटर्निंग अधिकारी और मतगणना पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि वे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी दोनों को अपने मोबाइल फोन मतगणना केंद्र के बाहर रखने के लिए कहें या उनके फोन जब्त कर लें।
पश्चिम बंगाल की जीत के बाद देश के कितने राज्यों में BJP-NDA की सरकार? कहां-कहां ‘भगवा’ जानिये
चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, शाम पांच बजे तक भारतीय जनता पार्टी 199 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। इसमें पार्टी ने 12 सीटें जीत ली हैं और 187 सीटों पर आगे चल रही है। TMC 87 सीटों पर बढ़त बना रखी है। इसमें TMC ने पांच सीटें जीती है और 82 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस पार्टी सिर्फ दो सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। हुमायूं कबीर की एजेयूपी फिलहाल दो सीटों पर अच्छे मतों की संख्या के साथ आगे है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 सीटों के लिए पहले चरण में 152 सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान हुआ था, जबकि दूसरे चरण के तहत 29 अप्रैल को 142 सीटें पर वोट डाले गए थे। विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। दोनों चरणों में राज्य में जमकर वोटिंग हुई थी। चुनाव आयोग के अनुसार, पहले चरण में 93.19 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई थी, वहीं दूसरे चरण में भी 92.67 फीसदी वोटिंग हुई थी। इसी के साथ बंगाल में वोटिंग का कुल औसत 92.93 फीसदी से ज्यादा पहुंच गया, जो कि देश में किसी राज्य में मतदान का नया रिकॉर्ड है।

















