नई दिल्ली/ कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के अभी तक के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को प्रचंड बहुमत मिलता हुआ दिख रहा है। बीजेपी के कोलकाता ऑफिस के बाहर कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। सूबे की करीब सभी सीटों पर बीजेपी प्रत्याशी रुझानों में आगे दिख रहे हैं। पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर सूबे के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल का भी बयान सामने आया है।
शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराकर रचा इतिहास
सूबे के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल का कहना है कि चुनाव आयोग ने दो चरणों में सफलतापूर्वक और शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न कराकर एक नया इतिहास रचा है। इस पूरी प्रक्रिया से वे बेहद संतुष्ट और खुश हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान सुरक्षा के व्यापक और सख्त इंतजाम किए गए थे। राज्य भर के सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय बलों की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। इसके चलते मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सकी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल ने कहा कि निर्वाचन आयोग की टीम, जिला प्रशासन, पुलिस बल और सभी संबंधित एजेंसियों के समन्वय से यह संभव हो पाया। हर स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की गई और किसी भी तरह की गड़बड़ी को तुरंत नियंत्रित किया गया। उन्होंने मतदाताओं का भी आभार जताया और कहा कि लोगों ने बड़ी संख्या में मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत किया है। युवाओं और महिलाओं की भागीदारी उत्साहजनक रही, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का मुख्य उद्देश्य निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव कराना है और इस बार पश्चिम बंगाल में यह लक्ष्य पूरी तरह हासिल किया है।

















