
नई दिल्ली/कोलकाता: देश की राजनीति के लिए सोमवार यानी 4 मई का दिन बेहद अहम है। आज के दिन असम, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे आएंगे। सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो गई है। बंगाल की 294 सीटें, असम की 126 सीटें, तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों, केरल में 140 सीटें और पुडुचेरी की 30 सीटों पर रिजल्ट आएंगे। लेकिन इस बीच सबकी नजर पश्चिम बंगाल में होने वाले उलटफेर पर है। 1 बजे तक के रुझानों में पश्चिम बंगाल में BJP प्रचंड बहुमत की ओर आगे बढ़ रही है। पश्चिम बंगाल में कुल 2,926 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है।
कोलकाता में BJP कार्यालय के बाहर जश्न का माहौल
कोलकाता में भाजपा के राज्य कार्यालय के बाहर जश्न का माहौल है। BJP राज्य में बहुमत का आंकड़ा पार करती दिख रही है। चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार, भाजपा 173 सीटों पर आगे चल रही है। इससे बीजेपी कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है।
ममता बनर्जी की झुंझलाहट
पश्चिम बंगाल के शुरुआती रुझानों को देखकर ममता बनर्जी झुंझला उठी हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मतगणना एजेंटों से मतगणना केंद्रों को न छोड़ने की अपील की है। उन्होंने टीएमसी कार्यकर्ताओं से कहा है कि दुखी होने की आवश्यकता नहीं है। इंतजार करें।
वहीं सूबे की लगभग सभी सीटों पर BJP आगे चल रही है। पश्चिम बंगाल की दिनहाटा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के अजय राय 15434 मतों के साथ आगे हैं। दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल की तुफानगंज सीट पर भारतीय जनता पार्टी की मालती राय 8916 मतों के साथ आगे हैं। मतगणना को लेकर राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा है कि हमने निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने की पूरी कोशिश की है। हमने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि अधिक से अधिक लोग मतदान के लिए बाहर आएं। हम इतने आश्वस्त थे कि हमने चुनाव आयोग से एक ही चरण में चुनाव कराने तक की बात कही थी क्योंकि हम पूरी तरह तैयार थे। आने वाले समय में चुनाव एक ही चरण में कराए जाएंगे।