महाराष्ट्र के पुणे में चार साल की एक मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और हत्या की घटना ने लोगों को अंदर तक हिला दिया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में गुस्सा और दुख का माहौल है। शनिवार शाम को बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग करने लगे। लोगों ने पुणे के नवाले ब्रिज इलाके में मुंबई-बेंगलुरु हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बच्ची के शव को सड़क पर रखकर न्याय की मांग की। इस वजह से हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
यह घटना सिर्फ पुणे ही नहीं बल्कि पूरे देश के लोगों को दुखी कर रही है। हर कोई यही सोच रहा है कि आखिर एक छोटी बच्ची के साथ कोई इतनी क्रूरता कैसे कर सकता है। लोगों का कहना है कि अब सिर्फ बातें करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त और जल्दी कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस के मुताबिक आरोपी 65 साल का मजदूर है और उसका पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। बताया जा रहा है कि उसने बच्ची को खाने का लालच देकर अपने साथ ले गया। इसके बाद वह उसे एक सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसके साथ गलत काम किया और फिर उसकी हत्या कर दी।
जब बच्ची घर से गायब हुई तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें आरोपी बच्ची के साथ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। अदालत ने उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इस मामले के बाद महाराष्ट्र सरकार भी हरकत में आ गई है। उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और कहा कि सरकार उनके साथ खड़ी है। वहीं, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पुलिस को मजबूत केस तैयार करने और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराने के निर्देश दिए हैं।

















