मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। तेल और गैस की सप्लाई प्रभावित होने से महंगाई बढ़ रही है। पेट्रोल-डीजल के साथ रसोई गैस की कीमतों पर भी असर पड़ रहा है। इसी बीच सरकार ने LPG गैस सिलेंडर को लेकर नए नियम लागू कर दिए हैं। ये नियम 1 मई से पूरे देश में लागू हो चुके हैं।
सरकार का कहना है कि इन नियमों का मकसद गैस की कालाबाजारी रोकना और सही लोगों तक गैस पहुंचाना है। अब सभी LPG उपभोक्ताओं को कुछ जरूरी काम समय रहते पूरे करने होंगे, नहीं तो गैस सप्लाई रुक सकती है। सबसे बड़ा बदलाव e-KYC को लेकर किया गया है। अब सभी गैस उपभोक्ताओं के लिए आधार आधारित e-KYC जरूरी कर दिया गया है। जिन लोगों ने अभी तक e-KYC नहीं कराया है, उन्हें आगे गैस रिफिल मिलने में परेशानी हो सकती है। हालांकि जिन लोगों ने पहले ही यह प्रक्रिया पूरी कर ली है, उन्हें दोबारा कुछ करने की जरूरत नहीं है।
LPG यूजर्स के लिए नए नियम जरूरी
सरकार ने गैस डिलीवरी के नियम भी सख्त कर दिए हैं। अब कई इलाकों में सिलेंडर डिलीवरी के समय OTP जरूरी होगा। गैस सिलेंडर पहुंचने पर आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP आएगा। OTP बताने के बाद ही डिलीवरी बॉय सिलेंडर देगा। इससे फर्जी डिलीवरी पर रोक लगेगी। इसके अलावा जिन घरों में पहले से PNG यानी पाइपलाइन गैस कनेक्शन है और साथ में LPG कनेक्शन भी है, उन्हें LPG कनेक्शन बंद करना पड़ सकता है। सरकार का मानना है कि जहां पाइपलाइन गैस उपलब्ध है, वहां सिलेंडर की जरूरत कम होती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिन लोगों ने लंबे समय से गैस रिफिल नहीं कराया है, उन्हें भी दोबारा वेरिफिकेशन कराना पड़ सकता है। तेल कंपनियां निष्क्रिय और डुप्लिकेट कनेक्शन बंद करने की तैयारी में हैं। अगर आप LPG यूजर हैं तो जल्द अपने गैस एजेंसी जाकर e-KYC पूरा कर लें। साथ ही मोबाइल नंबर अपडेट रखें और आधार को बैंक खाते से लिंक जरूर कराएं। समय रहते ये काम पूरा करने से भविष्य में किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

















