रुद्रप्रयाग । डीएम विशाल मिश्रा ,केदारनाथ आने वाले श्रद्धालुओं से यात्रा मार्ग पर बातचीत करते नजर आए तो आश्चर्य मत कीजियेगा। वे पिछले पांच दिनों से कभी यात्रा मार्ग पर कभी केदारनगरी में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को आसान करने में जुटे हुए है।
बिना किसी लावलश्कर के सामान्य से कपड़ों में डीएम मिश्र स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
जिलाधिकारी द्वारा हेली सेवा के माध्यम से धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए केदारनाथ स्थित हेलीपैड का औचक निरीक्षण किया गया।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान हेली सेवाओं के संचालन, यात्रियों की आवाजाही, सुरक्षा प्रबंधन एवं अन्य व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
पैदल मार्ग पर जिलाधिकारी के अचानक पहुंचने पर श्रद्धालुओं से सीधे संवाद स्थापित कर बाबा केदार की दर्शन व्यवस्था एवं अन्य सुविधाओं को लेकर उनका फीडबैक एवं सुझाव प्राप्त किए। श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं के साथ आत्मीयता दिखाते हुए बाबा केदार का प्रसाद भी ग्रहण किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग एवं धाम क्षेत्र में सभी व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखी जाएं तथा श्रद्धालुओं के साथ सौम्य एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि यात्रा के दौरान प्राप्त हो रहे फीडबैक के आधार पर व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित एवं सुखद यात्रा अनुभव मिल सके। डीएम मिश्रा ने बताया कि कुछ ऐसे तत्व केदारघाटी में सक्रिय है जोकि पुरानी नई रीलों के जरिए यात्रा व्यवस्थाओं पर भ्रम फैला रहे है ऐसे तीन यूट्यूबर्स पर एफआईआर दर्ज करवा दी गई है।
घोड़ा खच्चर प्रबंधन पर उन्होंने कहा कि उनसे बातचीत कर आवश्यक दिशा निर्देश जारी कर दिए गए है।घोड़ा खच्चरों के मेडिकल कराए जा रहे है।पिछली बार बीमार और अक्षम जानवरों की मौत भी हुई थी ,इस लिए इस बार पशु चिकित्सकों की तैनाती कर जानवरों का स्वास्थ्य परीक्षण भी करवाया जा रहा है।











