पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान से भाजपा उत्साहित नजर आ रही है। लेकिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अवैध घुसपैठियों को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान में दीदी के गुंडे घरों से बाहर नहीं निकले, दूसरे फेज में भी बाहर नहीं आना वरना 4 मई के बाद उल्टा लटका देंगे।
पहले फेज में कितने प्रतिशत वोट पड़े?
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में पहले चरण की वोटिंग पूरी हो चुकी है। कुल 294 सीटों वाली विधानसभा में पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान हुआ। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि इस चरण में 92.72 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो आजादी के बाद बंगाल में सबसे ज्यादा है। इससे पहले 2011 के चुनाव में 84.72 प्रतिशत वोटिंग हुई थी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस हाई वोटिंग प्रतिशत से काफी खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि पहले चरण में दीदी के गुंडे घर से बाहर नहीं निकले। इससे साफ पता चलता है कि लोग शांति से वोट डालने आए और हिंसा या दबाव से नहीं डरे।
इसे भी पढ़ें: Bengal & Tamil Nadu Election: बंगाल और तमिलनाडु में टूटा आजादी के बाद का रिकॉर्ड; देखें बंपर वोटिंग के आंकड़ों का गणित
मध्यमग्राम में निकाला रोड शो
24 अप्रैल 2026 को उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में अमित शाह ने एक रोड शो निकाला। वे एक सजे-धजे वाहन पर सवार होकर जेसोर रोड पर निकले। रास्ते में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा थे। कई लोग नारंगी और केसरिया गुब्बारे, कमल के फूल लेकर आए थे। अमित शाह हाथ हिलाते हुए लोगों का अभिवादन कर रहे थे।
रोड शो के दौरान अमित शाह ने टीएमसी के कार्यकर्ताओं को साफ चेतावनी दी। उन्होंने कहा, “पहले फेज में दीदी के गुंडे घर से बाहर नहीं निकले। मैं गुंडों को बोलता हूं कि दूसरे फेज में भी बाहर मत आना, वरना 4 मई के बाद उल्टा लटकाकर सीधा कर दूंगा।”
बंगाल में नहीं आने देंगे एक भी घुसपैठिया
अमित शाह ने आगे कहा कि अगर भाजपा की सरकार बनी तो बंगाल में एक भी घुसपैठिए को आने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने टीएमसी सरकार के बारे में कहा कि उसका सूरज डूब गया है। भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी का समय खत्म हो रहा है। उन्होंने अपने फेसबुक पोस्ट में भी लिखा कि मध्यमग्राम का यह केसरिया रंग बंगाल में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार का गुस्सा और बदला है। तृणमूल कांग्रेस जा रही है। दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा और वोटों की गिनती 4 मई को होगी। पहले चरण में कुछ जगहों पर हिंसा, वोटरों को डराने और उम्मीदवारों पर हमले की खबरें आईं, लेकिन चुनाव आयोग ने इन्हें अलग-अलग घटनाएं बताया।

















