नई दिल्ली/लखनऊ: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने यूपी बोर्ड के 10वीं और 12वीं का रिजल्ट जारी कर दिया है। दसवीं और बारहवीं के परिणाम जारी होने के साथ ही 52 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं का इंतजार खत्म हो गया है। बोर्ड मुख्यालय प्रयागराज से प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए रिजल्ट जारी किया गया। विद्यार्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in और upresults.nic.in के साथ-साथ डिजिलॉकर (results.digilocker.gov.in) पर भी अपना रिजल्ट देख सकते हैं। विद्यार्थी अपने रोल नंबर के जरिए रिजल्ट चेक कर सकते हैं।
दसवीं में कशिश वर्मा और अंशिका ने संयुक्त रूप से किया टॉप
यूपी बोर्ड के दसवीं कक्षा के नतीजों में बेटियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। टॉप-6 मेधावियों की सूची में 5 बेटियों ने जगह बनाई है। कशिश वर्मा (97.83%), अंशिका वर्मा (97.83%), अदिति (97.50%), अर्पिता (97.33%), परी वर्मा (97.33% और झांसी के ऋषभ साहू ने भी 97.33% के साथ तीसरा स्थान हासिल किया है। इस साल तीसरे रैंक पर तीन मेधावियों अर्पिता, परी वर्मा और ऋषभ साहू ने 97.33 फीसदी अंक हासिल किए हैं। दसवीं परीक्षा में कशिश वर्मा और अंशिका ने 97.83 अंकों के साथ संयुक्त रूप से किया टॉप है। द मॉडर्न एकेडमी जैदपुर बाराबंकी की अदिती ने 97.50 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इस साल दसवीं में 90.42 फीसदी विद्यार्थी सफल हुए हैं।
12वीं में 80.38 फीसदी छात्र-छात्राएं सफल, लड़कियों ने फिर मारी बाजी
यूपी बोर्ड की बारहवीं में भी लड़कियों ने इस बार बाजी मारी है। इस साल इंटरमीडिएट में 80.38 फीसदी छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं। बारहवीं में भी लड़कियों का पास प्रतिशत लड़कों की तुलना में अधिक रहा है। इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल उत्तीर्ण छात्रों में 9,82,610 छात्र और 10,15,707 छात्राएं शामिल हुई थीं। छात्रों का पास प्रतिशत 75.04 फीसदी रहा और जबकि छात्राओं का पास प्रतिशत 86.32 फीसदी रहा। बारहवीं में शिखा वर्मा ने 97.60 फीसदी नंबरों से टॉप किया है। बारहवीं में दूसरा स्थान नंदिनी गुप्ता, श्रेया वर्मा का 97.20 फीसदी अंकों के साथ रहा। जबकि तीसरा स्थान सुरभि यादव और पूजा पाल ने 97 प्रतिशत अंकों के साथ हासिल किया।













