बद्रीनाथ । जल्द ही बद्रीनगरी एक विश्व स्तरीय स्मार्ट सिटी के रूप में नजर आएगी। पीएम मोदी के बद्रीनाथ धाम को संवारने सजाने के प्रोजेक्ट की सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मौके पर खड़े होकर समीक्षा की। मिनी स्मार्ट सिटी मास्टर प्लान के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास कार्यों का व्यापक एवं गहन स्थलीय निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, समयबद्धता तथा व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों के साथ विभिन्न स्थलों का भ्रमण करते हुए मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कार्यों की वर्तमान स्थिति पर संतोष व्यक्त करने के साथ-साथ उन्हें और अधिक प्रभावी एवं तीव्र गति से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
समयसीमा और गुणवत्ता पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि बद्रीनाथ धाम से जुड़े सभी विकास कार्य जिलाधिकारी की प्रत्यक्ष निगरानी में तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि आस्था, श्रद्धा और उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा एक अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा कार्यों की प्रगति की समीक्षा समय-समय पर की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की देरी या बाधा को तुरंत दूर किया जा सके।
पूर्ण हो चुके कार्यों का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने बीआरओ बाईपास रोड, लूप रोड, लेक, आईएसबीटी, सिविक एमिनिटी भवन, टीआईसीसी एवं अराइवल प्लाजा जैसे पूर्ण हो चुके महत्वपूर्ण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने इन परियोजनाओं के शीघ्र हस्तांतरण हेतु अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इन सुविधाओं का लाभ तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को जल्द से जल्द मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि हस्तांतरण की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाए, ताकि किसी प्रकार की प्रशासनिक देरी न हो।
परियोजनाओं के संचालन और रखरखाव की योजना
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से इन सभी परियोजनाओं के संचालन एवं रखरखाव की ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा, जिससे दीर्घकालिक रूप से इन परिसंपत्तियों की गुणवत्ता और उपयोगिता बनी रहे। उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ धाम में किए जा रहे विकास कार्यों का उद्देश्य केवल आधारभूत ढांचे का निर्माण नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं को एक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त तीर्थ अनुभव प्रदान करना है।
समन्वित प्रयासों से समय पर पूरा होगा मास्टर प्लान
मुख्यमंत्री धामी ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों और सतत निगरानी से बद्रीनाथ धाम मास्टर प्लान के अंतर्गत संचालित कार्य समय पर पूर्ण होंगे और आने वाले समय में यह धाम देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए एक आदर्श, भव्य और सुविधासंपन्न तीर्थस्थल के रूप में स्थापित होगा।
इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी मौजूद रहे।
इसके बाद सीएम धामी ने बीआरओ गेस्ट हाउस में सड़क और अन्य सीमांत योजनाओं का भी विभागीय प्रस्तुतिकरण देखा और अपेक्षा जताई कि सभी कार्य समयबद्धता से पूर्ण करा लिए जाएंगे।
देश के पहले गांव माणा का दौरा
सीएम पुष्कर धामी बद्रीनाथ से सीधे देश के पहले गांव माणा पहुंचे और उन्होंने स्थानीय लोगों से उनकी समस्याएं जानी। सीएम धामी ने मौके पर ही डीएम चमोली से कह कर उनका समाधान कार्यां उन्होंने स्थानीय उत्पाद बनाने वाली स्वयंसहायता समूह की महिलाओं के साथ बातचीत की।
सीएम धामी और प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट रात्रि विश्राम इसी गांव के होम स्टे में करेंगे ।











