नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भावुक संदेश साझा किया। पीएम मोदी ने इस हमले में मारे गए निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि उन्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति भी गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा देश उनके साथ खड़ा है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत किसी भी प्रकार के आतंकवाद के सामने झुकने वाला नहीं है। आतंकियों की साजिशें कभी सफल नहीं होंगी। देश पूरी मजबूती से उनका सामना करेगा।
पहलगाम हमले का घाव देश की स्मृतियों में हमेशा रहेगा ताजा
वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी पहलगाम में हुए आतंकी हमले की बरसी पर जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि 22 अप्रैल 2025 को हुए इस कायरतापूर्ण हमले में जिन निर्दोष लोगों ने अपनी जान गंवाई थी उन्हें देश कभी नहीं भूल सकता। यह घाव भारत की स्मृतियों में हमेशा ताजा रहेगा। उन्होंने अपने संदेश में यह भी कहा कि भारत ने दशकों से सीमा पार आतंकवाद का सामना किया है, लेकिन आज देश की प्रतिक्रिया पहले से कहीं अधिक मजबूत, स्पष्ट और निर्णायक है। भारत की एकता और नागरिकों को नुकसान पहुंचाने की किसी भी कोशिश का जवाब पूरी शक्ति और दृढ़ता के साथ दिया जाएगा। भारत अब हर चुनौती का जवाब मजबूती से दे रहा है। आतंकवाद या देश की एकता को चुनौती देने वाली किसी भी हरकत को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
भारत की आतंक के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस हमले में मारे गए निर्दोषों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि यह घटना आज भी हर भारतीय के दिल में गहरे दुख और पीड़ा के रूप में मौजूद है। आतंकवाद मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन है और इसके खिलाफ सभी को मिलकर एकजुट होकर लड़ना होगा। भारत आतंकवाद और उसे संरक्षण देने वालों के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस नीति पर पूरी मजबूती से कायम रहेगा। वहीं, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि हम न भूलेंगे, न माफ करेंगे, यह हमारा संकल्प है। भारत आतंकवाद के खिलाफ पूरी तरह एकजुट है और इसे जड़ से खत्म करने के लिए दृढ़ प्रतिबद्ध है। बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में श्रद्धांजलि स्थल स्थापित किया गया है जो 22 अप्रैल 2025 को बैसरन में हुए दर्दनाक आतंकी हमले में जान गंवाने वाले 26 लोगों की याद को समर्पित है। यह स्मारक उन मासूम जिंदगियों की याद दिलाता है, जिन्हें इस भयावह घटना में खो दिया गया था।











