पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार जोरो शोरों से चल रहा है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने घोषणा की है कि अगर राज्य में भाजपा सरकार बनी तो महिलाओं को प्रतिवर्ष 36,000 रुपए की मदद दी जाएगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने नारी शक्ति वंदन बिल का विरोध करने को लेकर ममता की अगुवाई वाली टीएमसी पर भी निशाना साधा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (रविवार) पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने ये बातें कहीं। इस दौरान उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को बढ़ाने के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया है।
क्या कहा प्रधानमंत्री ने
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि अगर बंगाल में बीजेपी की सरकार बनी तो महिलाओं को कई सुविधाएं मिलेंगी। हर महिला को सालाना 36,000 रुपये की मदद दी जाएगी। गर्भवती महिलाओं को विशेष आर्थिक सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा, “अगर बीजेपी सरकार बनी तो महिलाओं को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। किसी महिला के परिवार में अगर किसी को किडनी की बीमारी है तो सरकारी अस्पताल में मुफ्त डायलिसिस होगा। एक भी पैसा नहीं लगेगा।”
इसे भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल प्रथम चरण का चुनाव भाजपा के लिए सरकार बनाने की नींव क्यों है ?
टीएमसी ने कांग्रेस के साथ मिलकर महिला आरक्षण बिल को रोका
मोदी ने महिलाओं के 33 प्रतिशत आरक्षण वाले बिल का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि बंगाल की महिलाएं इस आरक्षण की मांग कर रही थीं। मोदी सरकार ने इसे पास कराने की कोशिश की, लेकिन टीएमसी ने इसमें बाधा डाली। उन्होंने आरोप लगाया, “टीएमसी नहीं चाहती थी कि बंगाल की ज्यादा बेटियां विधायक और सांसद बनें।” मोदी ने कहा कि टीएमसी ने कांग्रेस के साथ मिलकर इस बिल को रोकने की साजिश की। उन्होंने इसे बंगाल में “महा जंगल राज” का हिस्सा बताया।
मोदी ने याद दिलाया कि बिल में महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में एक तिहाई सीटें देने का प्रावधान था। लेकिन विपक्षी दलों के विरोध के कारण यह बिल लोकसभा में पास नहीं हो सका।
टीएमसी पर सीधा आरोप
रैली में मोदी ने कहा कि बंगाल की महिलाएं आरक्षण चाहती थीं, लेकिन टीएमसी ने उनकी इस इच्छा को पूरा नहीं होने दिया। उन्होंने दावा किया कि टीएमसी परिवारवादी राजनीति में विश्वास रखती है और ज्यादा महिलाओं को आगे आने से डरती है। मोदी ने बंगाल की महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने फ्री हेल्थकेयर, डायलिसिस और आर्थिक मदद जैसे वादों को दोहराया।
रैली के दौरान मोदी ने लोगों से अपील की कि वे बीजेपी को वोट दें ताकि बंगाल में महिलाओं का सच्चा उत्थान हो सके। उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार आने पर महिलाओं की समस्याओं का ध्यान रखा जाएगा और उन्हें सम्मानजनक जीवन मिलेगा।
इस भाषण में मोदी ने महिलाओं को केंद्र में रखकर चुनावी मुद्दे उठाए। उन्होंने स्वास्थ्य, आर्थिक मदद और राजनीतिक प्रतिनिधित्व जैसे मुद्दों पर फोकस किया। टीएमसी पर महिलाओं के खिलाफ रवैया रखने का आरोप लगाते हुए उन्होंने बंगाल की महिलाओं को बीजेपी के साथ आने का निमंत्रण दिया।

















