राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में एक बार फिर से मौसम ने करवट ले ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की आंधी-तूफान की चेतावनी के बीच जोरदार बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलीं। इस वजह से राजधानी का तापमान 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी सी राहत तो मिली है। हालांकि, इसके साथ ही उमस भरी गर्मी बढ़ने लगी है। इस असामान्य बारिश से लोगों का आम जीवन थोड़ा प्रभावित हुआ।
दिल्ली-एनसीआर के लिए ऑरेंज अलर्ट
आईएमडी ने पूरे दिल्ली और एनसीआर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। विभाग ने बताया कि यहां हल्की से मध्यम बारिश, हल्की गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। लोगों को सलाह दी गई कि घर के अंदर रहें और खुले इलाकों से दूर रहें। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में बिजली गिरने की कुछ घटनाएं भी दर्ज की गईं। आईएमडी ने यह भी कहा कि अगले कुछ घंटों में हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
हरियाणा और पंजाब का मौसम
हरियाणा के चरखी दादरी, झज्जर, रोहतक और सोनीपत जैसे जिलों में बिजली चमकने और तेज हवाओं का अनुमान है। वहीं पंजाब के कई जिलों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। वहां गरज के साथ हल्की बारिश या धूल भरी आंधी चल सकती है, जिसमें हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
बिहार में आज आंधी-तूफान का अलर्ट
बिहार में आज आंधी-तूफान और बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।
















