वाराणसी। उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने मंगलवार को वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए टेरर फंडिंग की आशंका से एक डॉक्टर के घर छापेमारी की। एटीएस की मुंबई और बनारस यूनिट ने संयुक्त रूप से पठानी टोला इलाके में घंटों से डॉक्टर के घर पूछताछ कर रही हैं। इस कार्रवाई में इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के अधिकारी और स्थानीय पुलिस भी शामिल हैं।
आदमपुर के हनुमान फाटक निवासी डॉ. आरिफ के घर पर दोपहर से ही एटीएस की टीम डटी हुई है। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, टेरर फंडिंग के संदेह में डॉ. आरिफ से पूछताछ की जा रही है। टीम ने घर से मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल दस्तावेज कब्जे में ले लिए हैं, जिनकी बारीकी से जांच की जा रही है।
व्हाट्सएप चैट के साक्ष्य
कश्मीरी हैंडलर से संपर्क का संदेह है। डॉक्टर के 18 वर्षीय बेटे अबू बक्र पर एटीएस टीम को शक है। सूत्रों के मुताबिक, अबू बक्र के मोबाइल पर एक संदिग्ध कश्मीरी हैंडलर के साथ व्हाट्सएप चैट के साक्ष्य मिले हैं। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस युवक का जुड़ाव किन लोगों के साथ है।

















