कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने जीडी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। इस भर्ती में देशभर के करीब 49 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। कुल 25,487 पदों पर भर्ती की जाएगी। पहले यह परीक्षा 23 फरवरी 2026 से होने वाली थी, लेकिन अब इसे आगे बढ़ा दिया गया है। अब यह परीक्षा 27 अप्रैल 2026 से शुरू होकर मई 2026 के आखिरी सप्ताह तक अलग-अलग चरणों में आयोजित की जाएगी। आयोग ने परीक्षा को चार सप्ताह में बांट दिया है ताकि परीक्षा प्रक्रिया सही तरीके से और बिना किसी परेशानी के पूरी हो सके। इस बार SSC ने “सेल्फ स्लॉट बुकिंग” सिस्टम में बदलाव किया है। पहले उम्मीदवार अपनी पसंद का शहर, तारीख और शिफ्ट चुन सकते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अब अभ्यर्थी केवल परीक्षा का सप्ताह चुन पाएंगे। परीक्षा चार चरणों में होगी-
- पहला सप्ताह: 27 अप्रैल से 2 मई 2026
- दूसरा सप्ताह: 4 मई से 9 मई 2026
- तीसरा सप्ताह: 18 मई से 23 मई 2026
- चौथा सप्ताह: 25 मई से 30 मई 2026
उम्मीदवारों को इन चारों सप्ताहों में से अपनी प्राथमिकता के अनुसार चयन करना होगा। इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल 11 अप्रैल 2026 से 15 अप्रैल 2026 तक खुला रहेगा। परीक्षा शहर की जानकारी परीक्षा से 8 से 10 दिन पहले जारी की जाएगी। वहीं एडमिट कार्ड परीक्षा से 2 से 3 दिन पहले डाउनलोड किए जा सकेंगे। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे SSC की आधिकारिक वेबसाइट लगातार देखते रहें। इस भर्ती में कई सुरक्षा बल शामिल हैं। सबसे ज्यादा 14,595 पद CISF में हैं। इसके अलावा CRPF में 5,490, ITBP में 1,293, SSB में 1,764, Assam Rifles में 1,706, BSF में 616 और SSF में 23 पद हैं। चयन प्रक्रिया चार चरणों में होगी-
पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT), फिर शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET), उसके बाद शारीरिक मानक परीक्षण (PST) और अंत में मेडिकल टेस्ट। जो उम्मीदवार CBT पास करेंगे, वे ही आगे के चरणों में जाएंगे। परीक्षा में कुल 80 प्रश्न होंगे और पेपर 160 अंकों का होगा। हर सही उत्तर पर 2 अंक मिलेंगे और गलत उत्तर पर 0.25 अंक काटे जाएंगे। परीक्षा का समय 60 मिनट होगा। इसमें गणित, सामान्य ज्ञान, रीजनिंग और हिंदी/अंग्रेजी से प्रश्न पूछे जाएंगे। PET में पुरुष उम्मीदवारों को 24 मिनट में 5 किलोमीटर दौड़ पूरी करनी होगी। महिलाओं को 8.5 मिनट में 1.6 किलोमीटर दौड़ पूरी करनी होगी। कुछ क्षेत्रों के उम्मीदवारों को इसमें छूट भी दी जाएगी। यह भर्ती लाखों युवाओं के लिए एक बड़ा मौका है, इसलिए उम्मीदवारों को अभी से अच्छी तैयारी शुरू कर देनी चाहिए।













