प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना सरकार की एक अहम योजना है, जिसका मकसद छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक मदद देना है। इस योजना की शुरुआत साल 2019 में हुई थी। इसके तहत हर पात्र किसान को सालाना 6,000 रुपये दिए जाते हैं। यह पैसा सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजा जाता है और तीन किस्तों में मिलता है, ताकि उन्हें समय-समय पर सहारा मिल सके।
हाल ही में योजना की 22वीं किस्त 13 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के गुवाहाटी से जारी की थी। इस दौरान 9 करोड़ से ज्यादा किसानों के खातों में हजारों करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए। लेकिन कुछ किसानों को तकनीकी दिक्कतों की वजह से यह पैसा नहीं मिल पाया, जिससे वे परेशान हो गए थे। अब उन किसानों के लिए अच्छी खबर है। सरकार ने साफ किया है कि जिन किसानों की 22वीं किस्त अटक गई थी, उन्हें अगली यानी 23वीं किस्त के साथ ही दोनों किस्तों का पैसा एक साथ मिलेगा। इसलिए किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है।
23वीं किस्त कब आएगी- अब बात करते हैं कि 23वीं किस्त कब आएगी। अभी तक इसकी कोई पक्की तारीख नहीं बताई गई है। लेकिन हर साल के ट्रेंड को देखें तो सरकार नई वित्त वर्ष की शुरुआत (1 अप्रैल) के 2-3 महीने बाद पहली किस्त जारी करती है। इसी हिसाब से माना जा रहा है कि 23वीं किस्त जुलाई के अंत या अगस्त 2026 की शुरुआत में आ सकती है। सरकार ने बजट 2026 में भी इस योजना के लिए 63,500 करोड़ रुपये रखे हैं, जिससे साफ है कि यह योजना आगे भी जारी रहेगी और किसानों को इसका फायदा मिलता रहेगा। किसानों के लिए जरूरी है कि वे अपना आधार, बैंक खाता और जमीन से जुड़ी जानकारी सही रखें। साथ ही e-KYC जरूर पूरा करें, क्योंकि इसके बिना पैसा अटक सकता है। समय-समय पर अपना स्टेटस चेक करना भी जरूरी है, ताकि कोई दिक्कत हो तो उसे जल्दी ठीक किया जा सके।














