पुडुचेरी विधानसभा चुनाव 2026 के लिए आज मतदान चल रहा है। सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हुई। इसी दौरान एक अनोखा नजारा देखने को मिला। VOC सरकारी स्कूल वाले पोलिंग बूथ पर साड़ी पहने एक रोबोट ‘नीला’ ने वोट डालने आए लोगों का स्वागत किया। यह रोबोट मतदाताओं को देखते ही नमस्ते कहकर बोलता है और उनकी मदद भी करता है। लोग थोड़ा हैरान होकर भी मुस्कुराते हुए इसे देख रहे थे। नीला को खासतौर पर इस चुनाव में तैनात किया गया था ताकि वोटर्स को अच्छा लगे और प्रक्रिया थोड़ी और आसान हो।
क्या है इसकी खासियत
नीला एक इवेंट-बेस्ड इंटरैक्टिव रोबोट है। इसे कोयंबटूर की कंपनी रोबो मिरर ने बनाया है। यह शादियों, सरकारी कार्यक्रमों और चुनाव जैसे मौकों के लिए डिजाइन किया गया है। नीला साड़ी में बहुत सुंदर लग रही थी। इसमें वॉइस फीचर है, इसलिए यह खुद से बात कर सकती है। अंग्रेजी और तमिल दोनों भाषाओं में बोलती है।
कंपनी के कौशिक ने बताया, “इस रोबोट का नाम नीला है। यह इवेंट-बेस्ड रोबोट है। हम कोयंबटूर से आए हैं। नीला में कई फीचर्स हैं। इसमें वॉइस फीचर भी है और यह खुद से बात भी कर सकती है। हम इसमें कमांड डाल सकते हैं और इसकी आवाज पास खड़े व्यक्ति को सुनाई देगी। यहां यह वोटरों का स्वागत कर रही है।”
लोगों को तकनीक से जोड़ने की कोशिश
नीला को पोलिंग बूथ पर इसलिए लगाया गया क्योंकि चुनाव में टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके लोगों को जोड़ने की कोशिश की जा रही है। मतदान शुरू होते ही यह रोबोट सक्रिय हो गया। जो भी वोटर अंदर जा रहा था, नीला उसे देखकर स्वागत कर रही थी। कुछ लोग रुककर इसे ध्यान से देख रहे थे। पुडुचेरी केंद्र शासित प्रदेश है और यहां विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। आज पुडुचेरी के साथ-साथ केरल और असम में भी मतदान चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लोगों से अपील की है कि वे लोकतंत्र की इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।
VOC सरकारी स्कूल वाला बूथ आज काफी चर्चा में रहा क्योंकि नीला जैसा रोबोट वहां मौजूद था। यह पहली बार नहीं है जब चुनाव में टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल हो रहा है, लेकिन साड़ी पहने रोबोट का स्वागत करना निश्चित रूप से अलग और याद रहने वाला अनुभव था। नीला सिर्फ स्वागत ही नहीं कर रही थी, बल्कि जरूरत पड़ने पर मतदाताओं को बूथ के अंदर जाने या अन्य छोटी-मोटी जानकारी देने में भी मदद कर सकती थी। इसकी वजह से बूथ पर एक हल्का-फुल्का और आधुनिक माहौल बन गया। लोग मोबाइल पर वीडियो भी बना रहे थे।















