हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ने वाला यमुना नदी पर बना 1,175 मीटर लंबा नया पुल अब गाड़ियों के लिए खोल दिया गया है, जिससे दोनों राज्यों के बीच आना-जाना बहुत आसान हो गया है। यह पुल पांवटा साहिब-देहरादून फोर-लेन हाईवे प्रोजेक्ट का हिस्सा है और इसके खुलने से यात्रा की दूरी लगभग 7 किलोमीटर कम हो जाएगी। सबसे बड़ी राहत यह है कि पहले इस रास्ते पर यात्रा करने में लगभग 2 घंटे लगते थे, लेकिन अब यह लगभग 40-45 मिनट में तय किया जा सकता है।
यातायात सुगम, पर्यटन और व्यापार को नई रफ्तार
इस पुल के बनने से देहरादून-शिमला बाईपास और पांवटा साहिब के बीच ट्रैफिक आसान हो गया है, और इससे हिमाचल से चंडीगढ़ का सफर भी आसान हो जाएगा। उत्तराखंड के लोग इस मार्ग का इस्तेमाल करके त्यूणी हनोल और सिरमौर घाटी की तरफ भी जा सकेंगे। करीब 1646 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना में यह पुल एक बड़ा इंजीनियरिंग लैंडमार्क माना जा रहा है। इससे न सिर्फ लोगों का समय बचेगा, बल्कि व्यापार, पर्यटन और स्थानीय आवाजाही को भी बड़ा फायदा मिलेगा।
















