देहरादून। दिल्ली से देहरादून का सफर अब पहले जैसा नहीं रहेगा, बल्कि काफी आसान और तेज होने वाला है। लंबे समय से जिस दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे का इंतजार हो रहा था, अब उसके शुरू होने का समय करीब आ गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को इस एक्सप्रेस वे का उद्घाटन करेंगे।
2.5 से 3 घंटे का रह जाएगा सफर
दिल्ली से देहरादून का सफर, जो अभी 5 से 6 घंटे का होता है अब घटकर सिर्फ 2.5 से 3 घंटे रह जाएगा। कारों के लिए इस एक्सप्रेस वे पर अधिकतम स्पीड लिमिट 100 किमी/घंटा तय की गई है, जिससे यात्रा तेज और सुरक्षित दोनों होगी। पहले 4 अप्रैल को पीएम मोदी के देहरादून आने का कार्यक्रम तय हो रहा था, बंगाल के चुनाव में व्यस्तता के चलते उनका आगमन टल गया।
केंद्रीय मंत्री गडकरी अपने वाहन से आएंगे
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मीडिया को बताया कि पीएम मोदी का 14 अप्रैल को उत्तराखंड दौरा संभावित है, राज्य सरकार उसकी तैयारी में जुटी हुई है। ऐसा जानकारी में आया है कि पीएम मोदी के साथ सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी इस एक्सप्रेस वे से अपने वाहन से आयेंगे, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी देहरादून कार्यक्रम में सम्मिलित हो सकते हैं।
इस एक्सप्रेस वे का बड़ा हिस्सा यूपी से होकर गुजरता है और इसके दोनों तरफ औद्योगिक क्षेत्र विकास की योजनाएं प्रस्तावित हैं।
इसलिए है ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस
यह एक्सप्रेस वे आगे जाकर गंगा एक्सप्रेस वे, यमुना एक्सप्रेस वे और अन्य राष्ट्रीय राज मार्गों से लिंक होगा। देहरादून से सहारनपुर के बीच राजा जी टाइगर रिजर्व के जंगल के ऊपर बने इस एक्सप्रेस वे के गुजरने से वन्यजीवों को विचरने में कोई परेशानी नहीं होगी, इसीलिए इसे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे नाम दिया गया है जोकि एशिया में सबसे बड़ा है।

















