डोनाल्ड ट्रंप ने जहां युद्ध से बाहर आने की उम्मीद जताई है वहीं, ईरान ने बड़ी चेतावनी दी है। ईरान ने कहा कि अगर उसके टॉप लीडर को अमेरिका और इजरायल ने निशाना बनाया तो वह गूगल, एपल, माइक्रोसॉफ्ट, टेस्ला, आईबीएम और बोइंग समेत 18 बड़ी अमेरिकी कंपनियों को निशाना बनाएगा।
ईरान की धमकी में मेटा, ओरेकल, डेल और जेपी मॉर्गन जैसी कंपनियां भी शामिल हैं। ईरान ने कहा कि यदि उसके नेताओं की हत्या की गई तो वह इन कंपनियों की यूनिट को ध्वस्त कर देगा। आईआरजीसी की ओर से जारी बयान में कर्मचारियों को तुरंत अपने कार्यस्थल को छोड़ने की चेतावनी दी गई है। कर्मचारियों को 1 अप्रैल को शाम 8 बजे तक का समय दिया गया है।
अमेरिका और इजरायल के हमले में ईरान के रक्षा बजट और वित्तीय मामलों के प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल जमशिद एशाघी की मौत के बाद आईआरजीसी का यह बयान आया है।
डोनाल्ड ट्रंप का दावा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका की ईरान से युद्ध रोकने पर सीधी बात हो रही है। हालांकि ईरान ने ट्रंप के इस दावे से इनकार किया है। मगर कहा है कि मध्यस्थों के जरिये संदेशों का आदान-प्रदान हुआ है। एक बड़ी जानकारी यह भी आई है कि डोनाल्ड ट्रंप बुधवार रात देश को संबोधित भी करेंगे।
डोनाल्ड ट्रंप का बयान
सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अमेरिका, ईरान के खिलाफ अपने सैन्य अभियान को दो या तीन सप्ताह में खत्म कर लेगा। राष्ट्रपति ट्रंप से पूछा गया कि गैस की बढ़ी कीमतें कब कम होंगी? ट्रंप ने कहा, “मुझे बस ईरान युद्ध से बाहर निकलना है और हम बहुत जल्द ऐसा करने वाले हैं।”
















