काबुल में पाकिस्तान की सेना ने लड़ाकू विमानों से हमले किए हैं। इन हमलों में 400 से अधिक लोगों की मौत की बात सामने आई है। पाक का दावा है कि यह एयरस्ट्राइक सैन्य ठिकानों पर की गई है। जबकि तालिबान का आरोप है कि पाकिस्तान ने बमबारी में बेगुनाह लोगों को निशाना बनाया है। अफगानिस्तान में तालिबान सरकार के प्रवक्ता का कहना है कि यह एयरस्ट्राइक अस्पताल पर की गई। जिससे बड़ी संख्या में लोग हताहत हुए हैं।
तालिबान ने दी पाक को धमकी, कहा- वार्ता नहीं…बदला लेंगे
काबुल में एयरस्ट्राइक के बाद तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने पाकिस्तान को धमकी दी है। उन्होंने बदला लेने की बात कही है। जबीहुल्ला का कहना है कि अब बातचीत और कूटनीति का समय बीत गया है और हम पाकिस्तान से बदला लेंगे। उनका यह बयान टोलो न्यूज पर प्रसारित हुआ है। जिसमें उन्होंने साफ कहा है कि पाकिस्तानी सेना के हमलों के बाद इस्लामाबाद के साथ बातचीत का समय समाप्त हो गया है। अब तालिबान बदला लेने का इरादा रखता है।

तालिबान बोला- पाक का यह हमला हमारी संप्रभुता का उल्लंघन
अफगानिस्तान के उप सरकारी प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने मंगलवार तड़के पाकिस्तानी सेना की कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक बयान दिया। उन्होंने बताया कि सोमवार देर रात हुए हमले में अस्पताल का बड़ा हिस्सा तबाह हो गया। 400 से अधिक लोग मारे गए। जबकि लगभग 250 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि बचाव दल इमारत में लगी आग पर काबू पाने और पीड़ितों के शवों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया पर कहा कि पाकिस्तान की ओर से किया गया यह हमला अफगानिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन है। हमले में मारे गए और घायल हुए अधिकांश लोग अस्पताल में इलाज करा रहे नशा पीड़ित थे। दूसरी तरफ, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मोशर्रफ जैदी का कहना है कि काबुल में किसी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया। तालिबान के आरोप निराधार हैं। इस बीच संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने भी अफगानिस्तान की तालिबान सरकार से आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आह्वान किया है। बता दें कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव फरवरी अंत में शुरू हुआ था। लगातार गोलाबारी और हवाई हमलों के कारण दोनों देशों के हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।














