Pakistan Airstrikes Afghanistan: रमजान में पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के कई शहरों में एयरस्ट्राइक की है। पाक की एयरफोर्स ने कंधार हवाई अड्डे के पास निजी एयरलाइन काम एयर के फ्यूल डिपो को बम से उड़ाया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अफगानिस्तान के कई शहरों पर स्ट्राइक हुई है। इन हमलों में कई महिलाओं और बच्चों की मौत हो गई है।
अफगानिस्तान का कहना है कि पड़ोसी देश पाकिस्तान ने एक बार फिर उसकी संप्रभुता का उल्लंघन करते हुए कई शहरों में भीषण हवाई हमले किए हैं। तालिबान सरकार ने अपने बयान में कहा कि इन हमलों में कई महिलाओं और बच्चों की मौत हुई है। पाक ने रिहाइशी इलाकों को भी निशाना बनाया है। कई घर तबाह हो गए हैं। पाक विमानों ने खाली रेगिस्तानों और निर्जन क्षेत्रों में भी बमबारी की है।

तालिबान सरकार ने कहा- पाक की क्रूरता का दिया जाएगा जवाब
पाकिस्तान के ताजा हमले को लेकर तालिबान सरकार भड़क गई है। तालिबान सरकार ने चेतावनी दी है कि पाक की इस क्रूरता का जवाब दिया जाएगा। पाक की इस सैन्य कार्रवाई को अफगानिस्तान ने आक्रामकता बताया है।
बता दें कि अफगानिस्तान का आरोप है कि पाक पहले भी एक नेशनल ट्रेडर हाजी खान जदाह के ईंधन भंडार पर अटैक कर चुका है। पाकिस्तानी आर्मी ने खोस्त प्रांत के अलीशेर-तेरेजाई में डूरंड लाइन के पास तोपों से गोले दागे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इस गोलाबारी में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हुई है जबकि 3 अन्य घायल हैं। दोनों देशों के बीच फरवरी से संघर्ष तेज हुआ है।

















