ग्वालियर/ भाेपाल (हि.स.) । मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने राज्य की विजयपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा का चुनाव शून्य (रद्द) घोषित कर दिया है। सोमवार को ग्वालियर बेंच के जस्टिस जीएस अहलूवालिया ने यह महत्वपूर्ण फैसला सुनाया। इसके साथ ही भाजपा के रामनिवास रावत को विजयपुर क्षेत्र से विधायक घोषित किया गया। कोर्ट ने पाया कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवार मुकेश ने महत्वपूर्ण जानकारी छिपाई गई थी, जो चुनाव नियमों का उल्लंघन है।
चुनावी हलफनामे में आपराधिक मामलों की जानकारी छिपाने का आरोप
भाजपा नेता और पूर्व मंत्री रामनिवास रावत ने हाई कोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया गया था कि मुकेश मल्होत्रा ने नामांकन के समय दाखिल किए गए चुनावी हलफनामे में अपने खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों की पूरी जानकारी नहीं दी थी। याचिका में उनके खिलाफ दर्ज 6 आपराधिक मामलों का उल्लेख किया गया था। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पाया कि उम्मीदवार मुकेश का इस तरह की जानकारी छिपाना निर्वाचन नियमों का गंभीर उल्लंघन है। इसी आधार पर अदालत ने उनका चुनाव निरस्त कर दिया।
रामनिवास रावत बने विजयपुर के विधायक
फैसले में कोर्ट ने यह भी कहा कि चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे उम्मीदवार को विधायक घोषित किया जा सकता है। इसके चलते कोर्ट ने भाजपा प्रत्याशी रामनिवास रावत को विजयपुर विधानसभा सीट से विधायक घोषित कर दिया।
राज्य की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा फैसला
हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद विजयपुर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व अब भाजपा के पास चला गया है। इसे मध्य प्रदेश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण और चर्चित निर्णय माना जा रहा है।

















