करीब चार महीने पहले सिख श्रद्धालुओं के साथ यात्रा के बहाने अपने प्रेमी के पास पाकिस्तान गई सरबजीत कौर ने हीर-रांझे के कई किस्से गढ़े। उसने कहा कि उसके नासिर जैसा कोई नहीं, लेकिन असलीयत का सामना होते ही उसके होश फाख्ता होते दिख रहे हैं।
पंजाब की रहने वाली सरबजीत कौर ने पाकिस्तान में नासिर से निकाह किया और अब वहां असुरक्षित महसूस कर रही है। उसने वीडियो के जरिए आपबीती सुनाई। भारत लौटने की गुहार लगाई है। सरबजीत का कहना है कि वह पाकिस्तान में नहीं रहना चाहती और उसे जल्द भारत वापस भेजा जाए। उसका यह भी कहना है कि उसे पाकिस्तान में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नासिर हुसैन प्रताड़ित कर रहा है, आपत्तिजनक तस्वीरों और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल किया जा रहा है। जबरन इस्लामिक कन्वर्जन का दबाव बनाया गया। अदालत में जाकर अपना बयान दर्ज करवाना चाहती हूं और इन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करवाना चाहती हूं।
अपने वकील से जताई भारत जाने की इच्छा
सरबजीत कौर ने पाकिस्तान के वकील एडवोकेट अली चंगेजी संधू से बातचीत में अपनी पीड़ा साझा की। इस बातचीत का वीडियो सामने आया है, जिसे वकील ने जारी किया है। उसने पहले पति करनैल सिंह से भी फोन पर बात कर यह पीड़ा बयां की। सरबजीत के अनुसार इस पूरे मामले से जुड़ी एक याचिका लाहौर हाईकोर्ट में चल रही है। वह अदालत में अपना बयान दर्ज करवाकर पूरी सच्चाई सामने लाना चाहती है। 6 मार्च को इस मामले में पाकिस्तान की अदालत में सुनवाई थी वह अदालत में पहुंचकर अपनी बात रखना चाहती थी। 6 मार्च की सुबह करीब सात बजे एक टैक्सी उसे लेने के लिए नासिर हुसैन के घर पहुंची थी ताकि वह अदालत जा सकें, लेकिन नासिर और उसके परिवार के सदस्यों ने उसे घर से बाहर नहीं निकलने दिया। परिवार के लोगों ने यह कहते हुए उसे अदालत जाने से रोक दिया कि अगर वह कोर्ट गई तो इससे और परेशानी खड़ी हो सकती है।
नासिर के खिलाफ चाहती है कानूनी कार्रवाई
सरबजीत कौर ने यह भी कहा कि वह नासिर हुसैन, उसकी पहली पत्नी और उसकी बेटी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करवाना चाहती है। उसे इस पूरे मामले में न्याय चाहिए और जो भी लोग इसमें शामिल हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। सरबजीत ने यह भी कहा कि उसे एजेंसियों से डर लगता है और इस वजह से उनका ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है।
अदालत में देगी पूरे मामले की जानकारी
सरबजीत ने यह भी बताया कि अदालत में वह पूरे मामले की जानकारी देगी और बताएगी कि उसके साथ क्या-क्या हुआ। फिलहाल उसकी सबसे बड़ी इच्छा भारत वापस लौटने की है। वह पाकिस्तान में अब और नहीं रहना चाहती।
कहा पाकिस्तान में असुरक्षित
सरबजीत कौर ने फिर दोहराया कि वह पाकिस्तान में सुरक्षित महसूस नहीं कर रही। उसे उम्मीद है कि अदालत में सुनवाई के दौरान उसे न्याय मिलेगा और उसे अपने देश लौटने का मौका मिलेगा।













