दुबई/ओमान, (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ओमान के सुल्तान कबूस पोर्ट के पास एक तेल टैंकर को निशाना बनाया गया। सोमवार को ऑयल टैंकर पर रिमोट चालित नाव से हमले में एक भारतीय नागरिक की जान चली गई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक घटना उस समय हुई जब टैंकर लगभग 59,463 मीट्रिक टन कार्गो लेकर समुद्र में आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान हमला हुआ और मुख्य इंजन रूम में जोरदार धमाके के साथ आग लग गई।
रिमोट से चलने वाली नाव से हमला
ओमानी मैरीटाइम सिक्योरिटी सेंटर ने कहा कि मस्कट के तट से लगभग 52 नॉटिकल मील दूर, मार्शल आइलैंड्स रिपब्लिक का झंडा फहरा रहे एक ऑयल टैंकर पर एक रिमोट से चलने वाली नाव से हमला किया गया था।
21 सदस्यों को सुरक्षित निकाला गया
मैरीटाइम सिक्योरिटी सेंटर के समन्वय से जहाज के चालक दल के 21 सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। चालक दल के सदस्यों में 16 भारतीय, चार बांग्लादेशी और एक यूक्रेनी नागरिक शामिल थे।
ओमान की रॉयल नेवी ने क्षतिग्रस्त टैंकर की स्थिति पर निगरानी रखने और हालात का आकलन करने के लिए अपना एक जहाज मौके पर भेजा है।
ईरान के कई बड़े नेता मारे गए
अमेरिका और इजराइल के शनिवार से शुरू हुए संयुक्त हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई समेत कई बड़े नेताओं की मौत हो गयी। इसके जवाब में ईरान ने ड्रोन और मिसाइल हमलों से इजराइल के साथ-साथ खाड़ी देशों को भी निशाना बनाया, जहां अमेरिका के सैन्य ठिकाने माैजूद थे।














