1 मार्च की सुबह देशभर में सोने की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। गुड रिटर्न्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने के दाम में प्रति ग्राम 328 रुपये की भारी बढ़त दर्ज की गई है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत अब 1.73 लाख रुपये के आंकड़े को पार कर गई है, जो अब तक का एक रिकॉर्ड स्तर माना जा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि जब भी वैश्विक हालात अस्थिर होते हैं, निवेशक जोखिम भरे साधनों से दूरी बनाकर सोने जैसे सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख करते हैं। इसी वजह से सोने की मांग तेजी से बढ़ी है, जिससे इसकी कीमतों में उछाल देखने को मिल रहा है। इसके अलावा डॉलर इंडेक्स में उतार-चढ़ाव और कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता भी सोने के भाव को प्रभावित कर रही है। हालांकि, सोने के मुकाबले चांदी की चाल आज कुछ शांत रही। रविवार को चांदी की कीमत करीब 2.95 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास बनी रही। बीते कुछ दिनों में चांदी के भाव में भी तेजी देखी गई थी, लेकिन आज इसमें कोई बड़ा बदलाव नहीं आया। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में चांदी की कीमतों में भी हलचल देखने को मिल सकती है, क्योंकि औद्योगिक मांग और वैश्विक आर्थिक संकेतक इसमें अहम भूमिका निभाते हैं।
भारत के अलग-अलग शहरों में सोने की कीमतों में मामूली अंतर देखने को मिल रहा है, जिसका मुख्य कारण टैक्स, ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट और स्थानीय मांग है। राजधानी दिल्ली में सोना सबसे महंगा बिक रहा है, जबकि चेन्नई में 18 कैरेट सोने के दाम अन्य शहरों से थोड़े अलग हैं। प्रमुख शहरों में 1 ग्राम सोने का भाव इस प्रकार रहा-
चेन्नई में 24 कैरेट सोना 17,209 रुपये, 22 कैरेट 15,775 रुपये और 18 कैरेट 13,500 रुपये प्रति ग्राम के स्तर पर पहुंच गया है। वहीं मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद में 24 कैरेट सोने का भाव 17,308 रुपये, 22 कैरेट 15,865 रुपये और 18 कैरेट 12,981 रुपये प्रति ग्राम दर्ज किया गया। दिल्ली में कीमतें सबसे ज्यादा रहीं, जहां 24 कैरेट सोना 17,323 रुपये, 22 कैरेट 15,880 रुपये और 18 कैरेट 12,996 रुपये प्रति ग्राम पर बिकता नजर आया।












