होली का त्योहार नजदीक आते ही आमतौर पर बाजार में रौनक बढ़ जाती है और सोने-चांदी की मांग भी तेज हो जाती है। लोग गहने खरीदने की तैयारी करते हैं और निवेशक भी बाजार पर नजर बनाए रखते हैं। लेकिन इस बार होली से ठीक पहले, मंगलवार 24 फरवरी को सोना और चांदी दोनों की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। इससे आम ग्राहकों और निवेशकों का ध्यान एक बार फिर कीमती धातुओं की ओर गया है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी एमसीएक्स पर शुरुआती कारोबार में ही सोने की कीमत में कमजोरी नजर आई। 2 अप्रैल 2026 की एक्सपायरी वाला गोल्ड फ्यूचर 1,60,769 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला, जबकि पिछले कारोबारी दिन यह 1,61,598 रुपये पर बंद हुआ था। सुबह करीब 10 बजे तक सोना करीब 1000 रुपये की गिरावट के साथ 1,60,580 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। हालांकि कारोबार के दौरान यह 1,61,233 रुपये तक भी पहुंचा, लेकिन वहां टिक नहीं सका और फिर नीचे आ गया।
चांदी के दामों में भी इसी तरह गिरावट देखने को मिली। एमसीएक्स पर 5 मार्च 2026 की एक्सपायरी वाला सिल्वर फ्यूचर करीब 1,491 रुपये टूटकर 2,63,842 रुपये प्रति किलो पर आ गया। दिन की शुरुआत चांदी ने 2,67,221 रुपये पर की थी और थोड़ी देर के लिए यह 2,67,500 रुपये तक पहुंची, लेकिन बाद में बिकवाली के दबाव में इसके भाव गिर गए। फ्यूचर मार्केट के साथ-साथ देश के बड़े शहरों में भी सोना-चांदी के दाम कम हुए हैं। दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में 10 ग्राम चांदी 2,850 रुपये में मिल रही है, जबकि 100 ग्राम के लिए 28,500 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं। चेन्नई में 10 ग्राम चांदी की कीमत 2,900 रुपये है।
सोने की बात करें तो दिल्ली में 24 कैरेट सोना 1,61,510 रुपये, 22 कैरेट 1,48,060 रुपये और 18 कैरेट 1,21,170 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है। मुंबई में 24 कैरेट सोना 1,61,780 रुपये और 22 कैरेट 1,48,300 रुपये पर है। चेन्नई में सोना थोड़ा महंगा है, जहां 24 कैरेट का भाव 1,62,440 रुपये प्रति 10 ग्राम है।












