झारखंड के चतरा से बहुत ही दुखभरी खबर प्रकाश में आई है, जहां एक एयर एम्बुलेंस क्रैश हो गई है, जिसमें सवार सभी 7 लोगों की मौत हो गई है। इससे पहले रिपोर्टों में एक व्यक्ति की मौत की खबर प्रकाश में आई थी, लेकिन अब सभी लोगों के मरने की पुष्टि हुई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, चतरा के डिप्टी कमिश्नर कीर्तिश्री जी ने इसको लेकर कहा है कि ये हादसा सिमरिया के पास हुआ है। मरने वालों की पहचान पायलट इन कमांड कैप्टन विवेक विकास भगत और सह पायलट कैप्टन सवराजदीप सिंह के तौर पर हुई है। इसमें मेडिकल टीम और यात्रियों की पहचान मरीज संजय कुमार (41), अटेंडेंट अर्चना देवी, धुरू कुमार, डॉ विकास कुमार गुप्ता और पैरामेडिक सचिन कुमार मिश्रा के तौर पर हुई है।
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, सब डिविजनल पुलिस अधिकारी शुभम खंडेलवाल ने कहा है कि विमान में सवार सभी सात लोगों के शवों को बाहर निकाल लिया गया है। ये बीचक्राफ्ट C90 एयरक्राफ्ट था, जो कि VT-AJV के नाम से पंजीकृत था, जिसका संचालन रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड करती है। बताया जाता है कि ये फ्लाइट शाम के 7:11 बजे रांची से उड़ान भरी थी और इसे शाम के 10 बजे दिल्ली पहुंचना था। लेकिन, विमान उड़ान के तुरंत बाद ही क्रैश हो गया था।
इसे भी पढ़ें: ट्रंप की नीतियों से अमेरिकी जनता में बढ़ता असंतोष: सर्वे में अमेरिकियों ने माना-देश गलत दिशा में जा रहे
DGCA का बयान
इस हादसे को लेकर डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा है कि एयरक्राफ्ट का कोलकाता से कम्युनिकेशन और रडार कॉन्टैक्ट शाम 7:34 बजे टूट गया जो कि वाराणसी से लगभग 100 नॉटिकल मील दक्षिण-पूर्व में था। इसके साथ ही एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की एक टीम को क्रैश के कारण की जांच के लिए भेजा गया।











