नई दिल्ली: आतंकी दिल्ली में लाल किले के सामने धमाका कर सकते हैं। इसे लेकर अलर्ट जारी हुआ है। जिसमें कहा गया है कि आतंकी लाल किले के साथ ही चांदनी चौक स्थित मंदिर को भी निशाना बना सकते है। मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से यह बात कही जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा दिल्ली को दहलाने के लिए एक्टिव हो गया है। यह आतंकी संगठन दिल्ली में लाल किले के आसपास IED हमले की साजिश रच रहा है।
कहा जा रहा है कि देश के बड़े मंदिर लश्कर ए तैएबा के निशाने पर हैं। यह आतंकी सगंठन देश के बड़े मंदिरों को निशाना बना सकता है। सुरक्षा एजेंसियों के सूत्रों के अनुसार, लश्कर- ए- तैयबा 6 फरवरी को पाकिस्तानी राजधानी इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए आत्मघाती विस्फोट का बदला लेना चाहता है। इसके लिए वह भारत के बड़े मंदिरों को दहलाना चाहता है। पाकिस्तान के मस्जिद में हुए विस्फोट की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट समूह ने ली थी।
बता दें कि लाल किले के सामने पिछले साल नवंबर महीने में ही एक बड़ा बम धमाका हुआ था। विस्फोटक से भरी एक कार को आत्मघाती हमलावर ने ब्लास्ट कर दिया था। अब फिर लाल किले के पास धमाके का अलर्ट जारी होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।











