अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नोबल महत्वाकांक्षा उन पर इस कदर हावी है कि वो लगातार झूठ पर झूठ फैलाए जा रहे हैं। बात है ऑपरेशन सिंदूर की, जिसको लेकर एक बार फिर से कोरा झूठ बोला कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध को रुकवाया है। यही नहीं उन्होंने ये भी दावा किया कि ऑपरेशन सिंदूर में 11 फाइटर जेट्स गिराए गए थे। जबकि, भारत सरकार ये पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि दोनों देशों के बीच किसी तीसरे पक्ष ने कोई मध्यस्थता नहीं की।
लेकिन, बड़ी बात ये है कि ट्रंप के दावों की संख्या हर बार बदलती रहती है। पिछले कुछ महीनों में ट्रंप 80 से अधिक बार वो इस तरह के दावे कर चुके हैं। उनके बयानों से ऐसा प्रतीत होता है कि है कि दुनिया के सबसे ताकतवर मुल्क अमेरिका के राष्ट्रपति के पास सही आंकड़े नहीं है। हालांकि वो इन विमानों को काफी महंगा बताते हैं, लेकिन उनकी संख्या हर बार बदलती रही है। कभी वह 5, कभी 7, 8, 10 और अब 11 तक पहुंच गई है। उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि इनमें से कितने भारत के थे और कितने पाकिस्तान के।
इसे भी पढ़ें: ट्रंप ने ईरान को दिया 10 दिन का अल्टीमेटम: परमाणु डील नहीं तो होगा “बुरा”
क्या हैं ट्रंप के दावे
ट्रंप का दावा है कि उन्होंने इस मामले को लेकर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही पाकिस्तानी पक्षों से भी फोन पर बातचीत की थी। ट्रंप का दावा है कि उन्होंने दोनों देशों को धमकी दी थी कि अगर वे दोनों देश उनकी बात मानकर युद्ध नहीं रोकते हैं तो वे उनके साथ व्यापारिक समझौते नहीं करेंगे और उन पर 200 फीसदी टैरिफ लगा देंगे। ट्रंप का दावा है कि उनके इस कदम से करीब 2.5 करोड़ लोगों की जान बचाई जा चुकी है।
भारत सरकार ने किया खारिज
ट्रंप के ऑपरेशन सिंदूर को लेकर किए जा रहे झूठे दावों को कई बार भारत सरकार खारिज कर चुकी है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि दोनों देशों के बीच हुए युद्ध को रुकवाने में किसी तीसरे पक्ष की कोई भूमिका नहीं थी।
गौरतलब है कि पिछले साल अप्रैल में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया था। तीन दिनों के भारत और पाकिस्तान के बीच हुए युद्ध में भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था। जबाव में पाकिस्तान ने भी पलटवार किया, जिसके जवाब में भारत ने उसके कई एयरबेस और सैन्य ठिकानों को तबाह कर दिया। इससे हुए नुकसान के बाद पाकिस्तान ने भारत के डीजीएमओ से बात कर सीजफायर की मांग की। इसके बाद ही ये युद्ध रुका।

















