नैनीताल: उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय में धमकी भरा ईमेल आने के बाद न्यायालय परिसर को सील कर दिया गया है। मुख्य न्यायाधीश समेत अन्य सभी न्यायाधीशों को कोर्ट रूम से हटाकर सुरक्षित जगह पहुंचा दिया गया है। न्यायालय में चारों तरफ अंदर बाहर से पुलिस का सर्च ऑपरेशन चल रही है। न्यायालय में बम डिस्पोजल दस्ता, डॉग स्क्वाड, भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
सुरक्षा के मद्देनजर न्यायालय में प्रवेश के गेटों को बंद कर दिया गया है, जबकि न्यायालय के सामने से गुजरने वाले आम जनता के एक गेट को बंद किया गया है। हालांकि कोर्ट नंबर 4, 5 और 6 में न्यायाधीश काफी देर तक बैठे नजर आए थे। अधिवक्तागण न्यायालय परिसर के मैदान में एकत्रित हैं। न्यायालय में बैठक चल रही है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश सिंह रावत ने बताया कि उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जर्नल के कार्यालय में एक धमकीभरा ई मेल आया जिसके पूरे न्यायालय परिसर के चप्पे चप्पे की तलाशी ली गई। इसमें पुलिस की सभी विंग अपने कार्य को कर रही हैं और दोपहर भोजन के बाद सभी न्यायालय दोबारा अपना स्थान लेंगी। उन्होंने ये भी कहा कि हाई कोर्ट और लोगों की सुरक्षा को देखते हुए इसे सेनिटाइज किया जा रहा है।
एसएसपी मंजूनाथ टी सी ने बताया हाईकोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ाई गई है,सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस तरह के मेल कई निचली अदालतों में आ रहे है, एतिहात के तौर पर पुलिस ने इन सभी को गंभीरता से लिया है। न्यायालय प्रशासन से भी संवाद स्थापित किया गया है।











