धामी सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर गृह मंत्री अमित शाह हरिद्वार में एक बड़ी पब्लिक रैली करने वाले हैं। मुख्य सचिव आनंद वर्धन और गृह सचिव शैलेश बगौली ने 7 मार्च को गृह मंत्री के दौरे के संबंध में हरिद्वार प्रशासन के साथ बैठक की और प्रस्तावित जनसभा स्थल का निरीक्षण किया। जानकारी के मुताबिक श्री शाह स्थानीय सहकारी उत्पादों की एक बड़ी प्रदर्शनी का भी शुभारंभ करेंगे। गृह मंत्री आगामी अर्ध कुंभ को लेकर भी तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
यह भी बताया जा रहा है कि केंद्र सरकार हरिद्वार ऋषिकेश कॉरिडोर प्रोजेक्ट को और गति देना चाहती है। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 मार्च को उत्तराखंड आ सकते हैं, क्योंकि धामी सरकार 23 मार्च को अपने कार्यकाल के चार साल पूरे कर लेगी। उत्तराखंड में धामी सरकार ने आने वाले 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है।
गैरसैंण विधानसभा का बजट सत्र 9 मार्च से 13 मार्च तक बुलाया गया है। इसके बाद भाजपा संभावित प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारी करेगी। माना जा रहा है कि मार्च महीने में प्रस्तावित कार्यक्रमों को देखते हुए भाजपा सरकार और पार्टी संगठन में गतिविधियां तेज हो गई हैं। राष्ट्रीय नेताओं के दौरे होने से संगठन पूरी तरह से चुनावी मोड पर आता दिखाई दे रहा है। स्वयं सीएम धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के भाषणों में भी चुनावी मुद्दों की झलक साफ दिखाई देने लगी है।
















