उत्तराखंड के चार पवित्र धामों में सबसे महत्वपूर्ण माने जाने वाले केदारनाथ के कपाट खुलने की ऑफिशियल तारीख महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर घोषित कर दी गई है। इस साल बाबा केदारनाथ के कपाट 22 अप्रैल को सुबह 8 बजे वृषभ लग्न में भक्तों के लिए खोले जाएंगे।
ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में पंचांग गणना के साथ तय हुआ शुभ मुहूर्त, 22 अप्रैल को खुलेंगे कपाट
कपाट खुलने की तिथि की घोषणा बाबा केदार के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में पंचांग गणना के अनुसार की गई। विद्वान आचार्यों और हक-हकूकधारियों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुभ मुहूर्त तय किया गया। इस बार की घोषणा इसलिए भी विशेष रही क्योंकि केदारनाथ धाम के नए रावल ‘केदार लिंग’ के नाम की भी औपचारिक घोषणा की गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 अप्रैल को ओंकारेश्वर मंदिर में भैरव पूजा के साथ केदारनाथ यात्रा का शुभारंभ होगा। 19 अप्रैल को डोली ऊखीमठ से प्रस्थान कर फाटा पहुंचेगी। 20 अप्रैल को गौरीकुंड में रात्रि विश्राम के बाद 21 अप्रैल को डोली केदारनाथ धाम पहुंचेगी। इसके अगले दिन 22 अप्रैल की सुबह 8 बजे वृष लग्न में कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
















