जौनपुर: जौनपुर के थाना सरायख्वाजा की पुलिस टीम के साथ हुई मुठभेड़ में अंतरजनपदीय गौ तस्करी के एक आरोपी मोहम्मद सलमान को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा (0.315 बोर), एक जिंदा कारतूस (315 बोर), एक खोखा कारतूस (315 बोर) और एक पिकअप वाहन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पास संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की पिकअप पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया और उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन पिकअप सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। इसकी सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दी गई।
पुलिस से घिर जाने पर पिकअप सवार बदमाश देवकली नहर पुलिया पर अनियंत्रित हो गए और वाहन पुलिया से टकरा गया। सीओ देवेश कुमार सिंह ने बताया कि आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में लगी और वह घायल हो गया।
घायल आरोपी की पहचान मोहम्मद सलमान पुत्र मेराज, निवासी ग्राम माहुल, थाना अहरौला, जनपद आजमगढ़ (वर्तमान में जौनपुर क्षेत्र में सक्रिय) के रूप में हुई है। अंधेरे का फायदा उठाकर दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। फरार आरोपी का नाम मोनू उर्फ बलवंत बघेल पुत्र अशोक कुमार, निवासी रामनगर, थाना अखंडनगर, जनपद सुल्तानपुर बताया गया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है

















