काम की खबरें

नए आधार ऐप से घर बैठे करें पता और मोबाइल नंबर अपडेट, जानिए प्रोसेस

आधार कार्ड से जुड़ा कोई भी जरूरी अपडेट कराने के लिए लाइन में लगने या आधार सेंटर जाने की जरूरत नहीं है। सरकार ने नया आधार ऐप लॉन्च किया है, जिसकी मदद से लोग अपने स्मार्टफोन से ही आधार से जुड़ी कई सेवाओं का फायदा उठा सकते हैं।

Published by
Mahak Singh

अब आधार कार्ड से जुड़ा कोई भी जरूरी अपडेट कराने के लिए लाइन में लगने या आधार सेंटर जाने की जरूरत नहीं है। सरकार ने नया आधार ऐप लॉन्च किया है, जिसकी मदद से लोग अपने स्मार्टफोन से ही आधार से जुड़ी कई सेवाओं का फायदा उठा सकते हैं। इस ऐप के आने से आम लोगों को बड़ी राहत मिली है, क्योंकि अब मोबाइल नंबर, पता और दूसरी जरूरी जानकारियां घर बैठे आसानी से अपडेट की जा सकती हैं। इस नए आधार ऐप को UIDAI ने तैयार किया है। इसका मुख्य उद्देश्य देश की डिजिटल पहचान प्रणाली को और मजबूत बनाना है। ऐप को इस तरह डिजाइन किया गया है कि कोई भी व्यक्ति बिना ज्यादा तकनीकी जानकारी के भी इसे आसानी से इस्तेमाल कर सके।

50 से ज्यादा नए फीचर– नए आधार ऐप में 50 से अधिक नए फीचर जोड़े गए हैं। इन फीचर्स के जरिए यूजर ऑफलाइन वेरिफिकेशन, सेलेक्टिव डेटा शेयरिंग और मोबाइल नंबर अपडेट जैसी कई सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं। अब किसी भी जगह आधार कार्ड की फोटोकॉपी देने की जरूरत नहीं पड़ेगी। होटल चेक-इन, ऑफिस वेरिफिकेशन या सिम कार्ड लेने के समय आप ऐप से ही सुरक्षित तरीके से जरूरी जानकारी शेयर कर सकते हैं। UIDAI के अनुसार, आधार की फोटोकॉपी देने से डेटा चोरी और गलत इस्तेमाल का खतरा बढ़ जाता है। नया आधार ऐप इस समस्या का समाधान करता है, क्योंकि इसमें ऑफलाइन आधार वेरिफिकेशन की सुविधा दी गई है। इससे बिना आधार नंबर या बायोमेट्रिक जानकारी साझा किए ही पहचान सत्यापित की जा सकती है, जिससे आपकी निजी जानकारी सुरक्षित रहती है।

पूरे परिवार का आधार एक ही ऐप से मैनेज करें- इस ऐप की खास बात यह भी है कि आप एक ही मोबाइल से पूरे परिवार के आधार डिटेल्स मैनेज कर सकते हैं। बच्चों और आश्रितों के आधार अपडेट, वेरिफिकेशन और जानकारी को संभालना अब बेहद आसान हो गया है। इससे बुजुर्गों और माता-पिता को बार-बार आधार सेंटर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नया आधार ऐप मोबाइल नंबर और एड्रेस अपडेट करने की प्रक्रिया को बहुत आसान बना देता है। इसके लिए नीचे दिए गए स्टेप्स फॉलो करें-

सबसे पहले नया आधार ऐप खोलें। आधार-बेस्ड ऑथेंटिकेशन से लॉग इन करें। होम स्क्रीन पर ‘आधार डिटेल्स अपडेट करें’ पर क्लिक करें। मोबाइल नंबर या एड्रेस अपडेट करने का विकल्प चुनें। नई जानकारी भरकर वेरिफिकेशन के लिए रिक्वेस्ट सबमिट करें। बताए गए तरीके से ऑथेंटिकेशन पूरा करें। 75 रुपये की फीस ऑनलाइन जमा करें। वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद आपकी रिक्वेस्ट प्रोसेस हो जाएगी और कुछ समय में आधार रिकॉर्ड में नया डेटा अपडेट हो जाएगा।

Share

Recent News