बीते हफ्ते शुक्रवार को भारी गिरावट देखने के बाद इस हफ्ते सोने और चांदी की कीमतों में फिर से जोरदार तेजी आई है। निवेशकों और आम लोगों के लिए यह एक अहम खबर है, क्योंकि दोनों कीमती धातुओं के भाव लगातार ऊपर की ओर बढ़ रहे हैं। सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे सोने की कीमत में 2100 रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई, वहीं चांदी की कीमत में लगभग 12 हजार रुपये प्रति किलो की तेजी देखने को मिली।
MCX पर सुबह 11:30 बजे के आसपास 10 ग्राम सोने का भाव 1,57,647 रुपये दर्ज किया गया। इसमें करीब 2196 रुपये की तेजी आई है। आज के कारोबार के दौरान सोने ने 1,55,546 रुपये प्रति 10 ग्राम का न्यूनतम स्तर और 1,58,500 रुपये प्रति 10 ग्राम का उच्चतम स्तर छुआ। यह तेजी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती मांग, डॉलर की चाल और वैश्विक आर्थिक हालात के कारण देखी जा रही है। वहीं चांदी की बात करें तो सुबह 11:30 बजे 1 किलो चांदी का दाम 2,61,677 रुपये रहा। इसमें 11,785 रुपये प्रति किलो की जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई। चांदी ने अब तक 2,58,000 रुपये प्रति किलो का न्यूनतम स्तर और 2,64,885 रुपये प्रति किलो का उच्चतम स्तर बनाया है। चांदी की कीमतों में आई इस तेजी के पीछे औद्योगिक मांग, वैश्विक बाजारों से मिल रहे मजबूत संकेत और निवेशकों की बढ़ती रुचि को अहम कारण माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- Silver Price Today: ₹11,000 महंगी हुई चांदी, कीमत पहुंची 2.6 लाख- जानें आपके शहर का भाव
देश के प्रमुख शहरों में भी सोने की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिली है। पटना में सोने का भाव 1,57,070 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। जयपुर में यह 1,57,130 रुपये, कानपुर और लखनऊ में 1,57,260 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। भोपाल और इंदौर में सोने का भाव 1,57,380 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। वहीं चंडीगढ़ और रायपुर में 10 ग्राम सोने की कीमत 1,57,150 रुपये रही।
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। अगर आप सोने या चांदी में निवेश करने की योजना बना रहे हैं, तो बाजार की चाल पर नजर रखना बेहद जरूरी है। सही समय पर निवेश करके अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है।













